
हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
नालागढ़, 07 जुलाई। नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बाबा की अध्यक्षता में आज नालागढ़ तहसील की ग्राम पंचायत कोईडी में प्रस्तावित टेक-ऑफ स्थल तथा प्रस्तावित लैंडिंग स्थल का अंतिम तकनीकी ट्रायल एवं निरीक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
हरदीप सिंह बाबा ने कहा कि आज पैराग्लाइडिंग सफल तकनीकी परीक्षण, प्रस्तावित स्थल पैराग्लाइडिंग गतिविधियों के लिए आवश्यक सुरक्षा एवं तकनीकी मानकों पर खरा उतरा है। विभाग द्वारा अंतिम स्वीकृति मिलने के उपरांत यह सोलन ज़िला का पहला अधिकृत पैराग्लाइडिंग स्थल बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित पैराग्लाइडिंग स्थल के सफल ट्रायल के उपरांत इसके लिए गठित तकनीकी समिति अपनी विस्तृत रिपोर्ट शीघ्र तैयार कर अंतिम स्वीकृति के लिए पर्यटन विभाग को प्रेषित करेगी। विभागीय स्वीकृति प्राप्त होने के बाद इस स्थल को विशेषज्ञों की अनुशंसाओं एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि परियोजना के अंतर्गत स्थल तक सड़क संपर्क को भी संबंधित विभागों के माध्यम से सुदृढ़ बनाया जाएगा, ताकि पर्यटकों एवं साहसिक खेल प्रेमियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
हरदीप सिंह बाबा ने कहा कि क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति इसे साहसिक पर्यटन के लिए अत्यंत उपयुक्त बनाती है। उन्होंने कहा कि पंजाब, हरियाणा तथा चंडीगढ़ से इसकी निकटता के कारण बड़ी संख्या में पर्यटक यहां आकर्षित होंगे, जिससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को नई पहचान मिलेगी। उन्होंने कहा कि पैराग्लाइडिंग गतिविधियों के आरंभ होने से स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण प्राप्त करने तथा साहसिक पर्यटन से जुड़े स्वरोज़गार के अवसर उपलब्ध होंगे। इससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी मज़बूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पर्यटन क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा नालागढ़ में पैराग्लाइडिंग जैसी साहसिक गतिविधियों की शुरुआत इस दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगी।
उपमंडलाधिकारी नालागढ़ एवं मूल्यांकन समिति के अध्यक्ष नरेंद्र अहलूवालिया ने कहा कि समिति द्वारा प्रस्तावित स्थल का विभिन्न चरणों में विस्तृत सर्वेक्षण, तकनीकी परीक्षण एवं आवश्यक मानकों के अनुरूप मूल्यांकन किया गया है। उन्होंने कहा कि सभी औपचारिकताएं पूर्ण होने के उपरांत यह स्थल साहसिक गतिविधियों के लिए आरम्भ किया जाएगा।
इस अवसर पर अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान, मनाली के प्रशिक्षक गिमनर सिंह ने प्रस्तावित टेक-ऑफ साइट से सफलतापूर्वक पैराग्लाइडिंग एकल ट्रायल उड़ान भरते हुए सुरक्षित लैंडिंग की। संस्थान के अधिकारियों ने स्थल का विस्तृत निरीक्षण कर इसकी तकनीकी एवं सुरक्षा संबंधी उपयुक्तता का आकलन किया।
इस अवसर पर अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान, मनाली के उपनिदेशक लूद्र सिंह, तहसीलदार नालागढ़ हुस्न चंद, ज़िला पर्यटन अधिकारी सोलन पदमा, खंड विकास अधिकारी नालागढ़ अरविंद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।
