
हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
नालागढ़, 07 जुलाई। पुलिस जिला बद्दी के पुलिस अधीक्षक श्री विनोद धीमान द्वारा आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नालागढ़ में आयोजित “Drug Abuse Awareness Campaign – Drug Free Himachal” कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशा मुक्ति के प्रति जागरूक किया गया। अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक श्री विनोद धीमान ने विद्यार्थियों से कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार, शिक्षा और समाज को बर्बाद कर देता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, अपने मित्रों एवं परिवार को भी जागरूक करने तथा “ड्रग फ्री हिमाचल” अभियान को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि यदि किसी क्षेत्र में नशा तस्करी या नशे से संबंधित कोई गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों से कानून का पालन करने, अच्छे नागरिक बनने तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
