Spread the love

जिला बिलासपुर में विकास गतिविधियों को मिलेगी नई गति

हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता

बिलासपुर, 18 जुलाई। राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) के जिला विकास प्रबंधक आवास-सह-कार्यालय (आरसीओ) का शुभारंभ उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने जेएस विला, गांव मेहन, डाकघर चांदपुर, सदर बिलासपुर में किया। इस अवसर पर नाबार्ड के मुख्य महाप्रबंधक शिमला डॉ. विवेक पठानिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (एलडीएम) कार्यालय, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक (एचपीएसटीसीबी), मानव विकास संस्थान (एमवीएस), कामधेनु हितकारी मंच (केएचएम) सहित विभिन्न विकास सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।

इस अवसर पर उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि ग्रामीण विकास एवं किसानों के कल्याण में नाबार्ड के योगदान की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने बिलासपुर में जिला विकास प्रबंधक आवास-सह-कार्यालय की स्थापना को जिले में विकासात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी तथा सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

मुख्य महाप्रबंधक नाबार्ड डॉ. विवेक पठानिया ने ग्रामीण विकास, कृषि, वित्तीय समावेशन एवं आजीविका संवर्धन में नाबार्ड की भूमिका पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के दौरान जिला विकास प्रबंधक नाबार्ड बिलासपुर साहिल कीर्ति ने उपस्थित अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि नया आरसीओ जिला प्रशासन, विभिन्न विभागों, बैंकों तथा विकास सहयोगी संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

 

Leave a Reply

You missed