


डॉ. बी.आर. आंबेडकर महासभा अर्की ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की उठाई मांग
हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
अर्की, 20 जुलाई। डॉ. बी.आर. आंबेडकर महासभा, अर्की (पंजीकृत) ने सोमवार को नीट पेपर लीक मामले में छात्रों की न्यायोचित मांगों के समर्थन में भारत की राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन तहसीलदार अर्की के माध्यम से प्रेषित किया। ज्ञापन में शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के साथ-साथ मामले के दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग उठाई गई है।
महासभा द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि शिक्षा राष्ट्र निर्माण का आधार है और विद्यार्थी देश का भविष्य हैं। ऐसे में प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। संगठन ने कहा कि छात्र अपनी न्यायोचित मांगों को लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से उठा रहे हैं, जिन पर गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ विचार किया जाना चाहिए।
ज्ञापन में मांग की गई है कि छात्रों की सभी न्यायसंगत मांगों पर शीघ्र, निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही नीट पेपर लीक प्रकरण में यदि किसी अधिकारी, कर्मचारी अथवा अन्य व्यक्ति की संलिप्तता जांच में सामने आती है तो उनके विरुद्ध कठोर एवं समयबद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि शिक्षा व्यवस्था पर छात्रों और अभिभावकों का विश्वास बना रहे तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
महासभा ने वर्तमान परिस्थितियों एवं जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री को लेकर की जा रही मांगों पर लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप विचार करने का भी आग्रह किया है। ज्ञापन में केंद्र सरकार से आवश्यक कदम उठाकर शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्षता और उत्तरदायित्व सुनिश्चित करने की अपील की गई है।
इस अवसर पर डॉ. बी.आर. आंबेडकर महासभा के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। ज्ञापन पर महासभा के पदाधिकारियों के हस्ताक्षर भी किए गए।
