Spread the love
इस वर्ष 100 से अधिक पात्र वरिष्ठ नागरिकों की निःशुल्क मोतियाबिंद शल्य चिकित्सा करने का लक्ष्य निर्धारित
          हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
बिलासपुर, 20 जुलाई।  अतिरिक्त उपायुक्त रूपिंदर कौर की अध्यक्षता में वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण एवं उनके जीवन स्तर में सुधार लाने के उद्देश्य से सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित राज्य कार्य योजना 2026-27 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आज बचत भवन में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं तथा उनके स्वास्थ्य, सम्मान, सुरक्षा एवं सामाजिक सहभागिता को सुनिश्चित करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित राज्य कार्य योजना 2026-27 के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों के समग्र कल्याण के लिए विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों का संचालन किया जा रहा है। इस कार्य योजना के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्क चिकित्सा सेवाएं, नेत्र जांच एवं मोतियाबिंद शल्य चिकित्सा, डिजिटल एवं वित्तीय साक्षरता, आजीविका एवं कौशल विकास गतिविधियां, अंतर-पीढ़ी समन्वय, वरिष्ठ नागरिक क्लबों का सुदृढ़ीकरण, मानसिक स्वास्थ्य एवं परामर्श सेवाएं, योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रति जागरूकता तथा वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान एवं सहभागिता को बढ़ावा देने वाले कार्यक्रम शामिल है।
उन्होंने अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत संचालित निःशुल्क मोतियाबिंद शल्य चिकित्सा कार्यक्रम की विशेष रूप से समीक्षा की गई। उन्होंने बताया कि गत वर्ष जिला बिलासपुर में निर्धारित 45 निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन का लक्ष्य सफलतापूर्वक प्राप्त किया गया था। इस वर्ष विभाग द्वारा 100 से अधिक पात्र वरिष्ठ नागरिकों की निःशुल्क मोतियाबिंद शल्य चिकित्सा कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
अतिरिक्त उपायुक्त रूपिंदर कौर ने कहा कि प्रत्येक पात्र लाभार्थी की शल्य चिकित्सा पर होने वाला लगभग 12 हजार 5 सौ रुपये का संपूर्ण व्यय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा वहन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त लाभार्थियों को अस्पताल आने-जाने के लिए यात्रा/गतिशीलता व्यय भी विभाग द्वारा प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने सभी एसडीएम, पंचायती राज संस्थाओं, स्वास्थ्य विभाग, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा अन्य संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र वरिष्ठ नागरिकों की पहचान कर उन्हें समय पर योजना का लाभ उपलब्ध करवाया जा सके।
उन्होंने बताया कि योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं आवेदन प्रक्रिया के लिए पात्र वरिष्ठ नागरिक अथवा उनके परिजन आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशावर्कर, संबंधित तहसील कल्याण अधिकारी, खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) कार्यालय अथवा जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय, बिलासपुर से संपर्क कर सकते हैं।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी शशि दत्त शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी नरेंद्र कुमार, डीएसपी मनीष चौधरी, जिला कल्याण अधिकारी आर.सी. बंसल सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।

Leave a Reply

You missed