Spread the love

 

हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता

सोलन, 04 अगस्त। “10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान” के अंतर्गत आज सोलन पब्लिक स्कूल, आंजी (सोलन) में विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, नैतिक मूल्यों तथा नशा मुक्ति जागरूकता पर एक विशेष और प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय की प्रधानाचार्या सुश्री अवंतिका ने ब्रह्माकुमारी टीम का हार्दिक स्वागत किया। विद्यालय की निदेशक सुश्री प्रीति, जो वर्तमान में अमेरिका के लॉस एंजेलिस दौरे पर हैं, उन्होंने अपना शुभकामना संदेश और स्नेहिल अभिवादन प्रेषित किया।

गायत्री मंत्र और राजयोग मेडिटेशन से हुई शुरुआत:-

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यार्थियों द्वारा गायत्री मंत्र के सामूहिक उच्चारण तथा विद्यालय की प्रतिज्ञा से हुआ। कार्यक्रम का मुख्य संचालन और प्रेरणादायक उद्बोधन ब्रह्माकुमारी बहन नीरज ने दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, शैक्षणिक उत्कृष्टता, नियमों का पालन, डिजिटल निर्भरता तथा सोशल मीडिया के अनावश्यक उपयोग से बचने, नशे से दूर रहने, कठोर परिश्रम करने तथा माता-पिता व गुरुजनों का सम्मान करने की सीख दी।

इसके पश्चात बहन नीरज ने विद्यार्थियों को 2 मिनट का राजयोग मेडिटेशन कराया, जिसमें 1 मिनट का गहन मौन भी रखा गया। ध्यान के दौरान विद्यार्थियों को श्रेष्ठ चरित्र, उत्तम स्वास्थ्य और आदर्श नागरिक बनने तथा 15 अगस्त तक बुरी आदतों से स्वतंत्र होकर वास्तविक स्वतंत्रता का अनुभव करने का संकल्प दिलाया गया।

150 विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने ली नशा मुक्ति प्रतिज्ञा:-

कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों और विद्यालय स्टाफ को नशा मुक्ति की प्रतिज्ञा दिलाई गई। लगभग 150 विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने अत्यंत उत्साहपूर्वक इसमें भाग लिया। संवाद सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने खुलकर अपने विचार व्यक्त किए और जीवन में अच्छे संस्कार एवं श्रेष्ठ आदतों को अपनाने का संकल्प दोहराया।

हर शनिवार आयोजित होंगे विशेष सत्र:-

समापन पर प्रधानाचार्या सुश्री अवंतिका ने ब्रह्माकुमारी टीम का आभार व्यक्त किया और अनुरोध किया कि विद्यालय में प्रत्येक शनिवार विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, नैतिक शिक्षा और जीवन कौशल पर एक नियमित सत्र आयोजित किया जाए। साथ ही उन्होंने इस श्रृंखला का शुभारंभ राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी सुषमा दीदी के करकमलों द्वारा कराने का आग्रह किया।

यह सम्पूर्ण कार्यक्रम राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी सुषमा दीदी के सक्षम मार्गदर्शन, प्रेरणा और नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Leave a Reply

You missed