Spread the love

हैप्पी हिमाचल न्यूज बीबीएन ब्यूरो

सलीम कुरैशी

बीबीएन, 17 अप्रैल। हिमाचल प्रदेश के सीमावर्ती जिलों में बढ़ते गन कल्चर और सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों के साथ धमकी भरे पोस्टों से आम जनता व उद्योग जगत में भय का वातावरण बन गया था। इस गंभीर समस्या को देखते हुए बद्दी पुलिस ने वर्ष 2025 में “ऑपरेशन गनडाउन” शुरू किया। अभियान के दौरान पुलिस की तकनीकी टीमों ने एक हजार से अधिक सोशल मीडिया अकाउंट्स की गतिविधियों पर पैनी नज़र रखी। सितम्बर 2025 में पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए 13 अभियोग दर्ज किए, 13 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया तथा उनके अवैध हथियार जब्त किए। कुछ आरोपी अन्य राज्यों में भाग गए थे, जिन्हें भी तकनीकी निगरानी के आधार पर गिरफ्तार किया गया।

इस अभियान के साथ ही बद्दी पुलिस ने अवैध खनन के विरुद्ध पूरे प्रदेश में सर्वाधिक अभियोग पंजीकृत किए, अन्य आपराधिक गतिविधियों पर सख्त कार्यवाही की और महिलाओं को अपराधों के प्रति जागरूक करने हेतु “Prevention of Crime & Awareness” प्रोजेक्ट चलाया। इस प्रोजेक्ट को भी SKOCH Order of Merit Award (Semi-finalist) से सम्मानित किया गया।

SKOCH Award देश का एक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान है, जिसे “भारत का सर्वोच्च स्वतंत्र सम्मान” कहा जाता है। यह पुरस्कार चार महीने की मूल्यांकन प्रक्रिया, विशेषज्ञों की गहन जाँच, हितधारकों की प्रतिक्रिया और अंतिम जूरी विचार-विमर्श के बाद प्रदान किया जाता है।

ऑपरेशन गनडाउन अभी भी जारी है और हाल ही में नालागढ़, मानपुरा, बरोटीवाला आदि क्षेत्रों में अवैध हथियार धारकों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की गई है। भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे।

यह उपलब्धि न केवल बद्दी पुलिस बल्कि संपूर्ण हिमाचल प्रदेश पुलिस के लिए गर्व का विषय है, जो कानून व्यवस्था और जनसुरक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Leave a Reply

You missed