
सोलन में निकाली संयुक्त रैली, श्रम संहिताओं के खिलाफ “जेल भरो” का ऐलान
हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
सोलन, 10 अगस्त। भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ पर सोमवार को सोलन में किसान और मजदूर एक मंच पर आए। केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और संयुक्त किसान मोर्चा के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर यहां जेल भरो आंदोलन के तहत विशाल संयुक्त रैली निकाली गई।
रैली पीडब्ल्यूडी बरेस्ट हाउस सोलन से शुरू होकर ओल्ड डीसी ऑफिस तक पहुंची। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार की श्रम संहिताओं, किसान विरोधी नीतियों और मुक्त व्यापार समझौतों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
रैली में वक्ताओं ने कहा कि श्रम संहिताओं के जरिए श्रमिकों के अधिकारों पर हमला किया जा रहा है। वहीं कृषि कानूनों और एफटीए से किसानों और छोटे व्यापारियों का अस्तित्व खतरे में है। किसान, मजदूर, ट्रेड यूनियन और जनसंगठनों के प्रतिनिधियों ने सरकार की श्रम व कृषि नीतियों को जनविरोधी करार देते हुए इन्हें तुरंत वापस लेने की मांग की।
सीटू जिलाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि आज देशभर में भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ के अवसर पर यह आंदोलन किया जा रहा हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियां अमरीकी साम्राज्यवाद से प्रभावित है।
उन्होंने कहा कि न पहले अमरीकी साम्राज्यवाद को हमने झेला है ना ही उनकी नीतियों को हम झेलेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों से आमजनता, युवा , महिलाएं हर वर्ग परेशान है। उन्होंने कहा कि जो नीतियां आम जन के लिए बनाई गई थी वो आज कहीं भी नहीं दिख रही है।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी और आशा वर्कर आज अपने वेतन को लेकर, स्थायी कर्मचारी की नियुक्ति करने और किसान अपनी फसलों के दाम फिक्स करनर के लिए आज प्रदर्शन कर रहे है।
