
- हिमाचल प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों व विश्वविद्यालय के लगभग 70 प्रतिभागियों ने लिया भाग
हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
सोलन, 14 अगस्त। हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत आज तारिणी राजकीय स्नातकोत्तर संस्कृत महाविद्यालय, सोलन में एक भव्य युवा संसद का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई और ‘मेरा युवा भारत’, सोलन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ। इस बार युवा संसद का मुख्य विषय “एक राष्ट्र, एक चुनाव” (One Nation, One Election) रखा गया, जिसमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी आवाज बुलंद की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ‘मेरा युवा भारत’ सोलन के जिला युवा अधिकारी भूपेन्द्र सिंह गिल उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रमेश शर्मा ने की। युवा संसद के इस विशेष सत्र का कुशल संचालन दीक्षित शर्मा ने किया जबकि संसद की अध्यक्षता सुश्री साक्षी शर्मा द्वारा की गई।
पूरे कार्यक्रम को सफल बनाने में संयोजक आचार्य सुरेश शर्मा भारद्वाज (कार्यक्रम अधिकारी, NSS) और सह-संयोजक कनिष्क शर्मा (राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक) की मुख्य भूमिका रही। इस युवा संसद में सोलन और आसपास के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से 15-29 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 70 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। सत्र के दौरान देश के इस संवेदनशील और महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मुद्दे पर पक्ष और विपक्ष के बीच बेहद तीखी परंतु स्वस्थ और संसदीय मर्यादाओं के अनुरूप चर्चा देखने को मिली। युवाओं ने न केवल अपने विचार और बहुमूल्य सुझाव साझा किए, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को और मजबूत करने का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम के समापन पर वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार के मंच युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, सार्वजनिक वाद-विवाद (डिबेटिंग) कौशल और देश के बड़े मुद्दों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होते हैं। कार्यक्रम का समापन सामूहिक राष्ट्रगान के साथ बेहद गरिमामयी माहौल में हुआ।
इस अवसर पर डॉ. दिनेश शर्मा, डॉ. विनय शर्मा, डॉ. भानू शर्मा, डॉ. पवन गौतम, डॉ. आशा शर्मा, डॉ. देवकुमार नेगी, पंकज सूद तथा विपिना ठाकुर तथा रवि कुमार सहित मेरा युवा भारत के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
