
हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
शिमला, 21 अगस्त। भाजपा महासू जिला के विभिन्न प्रकोष्ठों की संयुक्त बैठक फागू पंचायत घर में आयोजित की गई, जिसमें हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा सांसद प्रो. (डॉ.) सिकंदर कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बैठक में भाजपा समस्त प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक पुरुषोत्तम गुलेरिया, बिट्टू वर्मा सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
बैठक में संगठनात्मक मजबूती, मंडल स्तर तक प्रकोष्ठों की सक्रियता बढ़ाने तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने को लेकर चर्चा हुई। प्रदेश संयोजक पुरुषोत्तम गुलेरिया ने कहा कि भाजपा के प्रकोष्ठ संगठन और समाज के बीच मजबूत सेतु का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि मंडल स्तर तक नियमित कार्यक्रमों और संवाद अभियानों के माध्यम से किसानों, युवाओं, व्यापारियों, खिलाड़ियों तथा अन्य वर्गों से संपर्क बढ़ाया जाएगा।
राज्यसभा सांसद प्रो. (डॉ.) सिकंदर कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीब, किसान, महिला, युवा और समाज के अंतिम व्यक्ति को केंद्र में रखकर योजनाएं बनाई हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं।
डॉ. सिकंदर कुमार ने राष्ट्रीय सुरक्षा और नक्सलवाद के मुद्दे पर भी अपनी बात रखते हुए कहा कि देश को केवल हथियारबंद नक्सलवाद ही नहीं, बल्कि हिंसक विचारधाराओं को वैचारिक समर्थन देने वाली प्रवृत्तियों के प्रति भी सजग रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने नक्सलवाद के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई है और सुरक्षा के साथ-साथ विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, संचार एवं रोजगार के माध्यम से प्रभावित क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन हिंसा, राष्ट्रविरोधी गतिविधियों और संवैधानिक व्यवस्था को कमजोर करने वाले प्रयासों को किसी भी रूप में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कांग्रेस से राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे विषयों पर राजनीति से ऊपर उठकर स्पष्ट रुख अपनाने का आग्रह किया।
बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई तथा मंडल स्तर तक प्रकोष्ठों की गतिविधियों को और मजबूत करने का संकल्प लिया गया।
