Spread the love

 

हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता

शिमला, 22 अगस्त। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ को लेकर छिड़े विवाद पर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस सरकार और उसके विधायकों पर तीखा हमला बोला है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और राज्यसभा सांसद प्रो. (डॉ.) सिकंदर कुमार ने कांग्रेस के रुख को स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों और राष्ट्रीय गौरव का अपमान बताया है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ भारत के स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरणा रहा है और इसके संपूर्ण गायन का विरोध उन अमर बलिदानियों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर किए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस वोट बैंक और तुष्टीकरण की राजनीति के चलते राष्ट्रीय गौरव के विषयों पर भी समझौता कर रही है।
वहीं राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि संसद और संविधान द्वारा मान्य राष्ट्रगीत के सम्मान को लेकर कांग्रेस का रवैया दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने विधानसभा जैसी संवैधानिक संस्था में संसदीय परंपराओं और राष्ट्रीय मर्यादाओं की अनदेखी की है।
भाजपा नेताओं ने कांग्रेस से अपने रुख पर पुनर्विचार करने और स्वतंत्रता सेनानियों व देशवासियों की भावनाओं का सम्मान करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि पूरे देश की राष्ट्रभक्ति और मातृभूमि के प्रति सम्मान का प्रतीक है।

Leave a Reply

You missed