हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
नालागढ़, 18 अप्रैल। दून वैली पब्लिक स्कूल, नालागढ़ में आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस अभ्यास का उद्देश्य बच्चों को प्राकृतिक आपदाओं के समय सुरक्षा के उपायों की जानकारी देना था।
मॉक ड्रिल के दौरान छात्रों को भूकंप और प्राकृतिक आपदाओं से बचाव एवं उनके समाधान के बारे में विस्तारपूर्वक समझाया गया। विद्यालय के शिक्षकों ने विशेष रूप से भूकंप की स्थिति में किए जाने वाले सुरक्षात्मक कदमों पर प्रकाश डाला। उन्हें बताया गया कि भूकंप आने की स्थिति में घबराने की बजाय तुरंत सिर पर कोई ठोस वस्तु रखकर डेस्क, बेंच या टेबल के नीचे सुरक्षित स्थान पर छिप जाएं तथा जैसे ही अवसर मिले, खुले स्थान पर शांतिपूर्वक पहुँच जाएं।
आपदा से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए शिक्षकों ने बताया कि यदि कोई बाहर हो, तो पेड़ों के नीचे छिपने के बजाय उसी स्थान पर बैठ जाएं और सिर को किसी किताब या अन्य वस्तु से ढक लें।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस प्रकार की मॉक ड्रिल से बच्चों में आपदा के समय सही निर्णय लेने की क्षमता का विकास होता है, जो भविष्य में उन्हें सुरक्षित रखने में सहायक सिद्ध होगा ।

