हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
बद्दी, 27 अगस्त। हिमाचल प्रदेश चैंबर ऑफ पैकेजिंग मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (एचपीसीबीएमए) द्वारा बद्दी में नए श्रम कानूनों एवं कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) से संबंधित प्रावधानों पर प्रांतीय स्तर की जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का आयोजन हिमाचल प्रदेश चैंबर ऑफ कॉमर्स, पांवटा साहिब के सलाहकार देवव्रत यादव के सहयोग से किया गया।
कार्यशाला में देवव्रत यादव ने उद्योग प्रतिनिधियों को नए श्रम कानूनों के प्रमुख प्रावधानों, उनके अनुपालन तथा ईएसआईसी के अंतर्गत कर्मचारियों को मिलने वाली सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उद्योगों के लिए श्रम कानूनों का सही पालन आवश्यक है, वहीं कर्मचारियों को उनके अधिकारों और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी देना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
उन्होंने बताया कि ईएसआईसी के तहत पात्र कर्मचारियों और उनके परिवारों को चिकित्सा सुविधाओं के साथ बीमारी लाभ, मातृत्व लाभ, कार्यस्थल दुर्घटना या बीमारी से उत्पन्न अक्षमता की स्थिति में सहायता तथा कर्मचारी की मृत्यु होने पर आश्रितों को विभिन्न लाभ प्रदान किए जाते हैं। इसके अलावा अंतिम संस्कार सहायता सहित अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की भी जानकारी दी गई।
कार्यशाला के दौरान उद्योग प्रतिनिधियों ने श्रम कानूनों, ईएसआईसी पंजीकरण, अनुपालन प्रक्रिया और व्यावहारिक चुनौतियों से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका देवव्रत यादव ने विस्तारपूर्वक उत्तर दिया। प्रश्नोत्तर सत्र ने प्रतिभागियों को विषय की व्यावहारिक समझ प्रदान की।
इस अवसर पर एचपीसीबीएमए के पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष सुरेंद्र जैन ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं विशेष रूप से लघु एवं मध्यम उद्योगों के लिए अत्यंत लाभदायक हैं। उन्होंने बताया कि अगले माह मानव संसाधन एवं औद्योगिक संबंध अधिकारियों के लिए एक और प्रांतीय बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें श्रम कानूनों, ईएसआईसी और ईपीएफ से जुड़े विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया जाएगा।
कार्यक्रम में एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर कार्यशाला को सफल बनाया।
