हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
नालागढ़, 28 अगस्त। पावन रक्षाबंधन के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, दिव्य अनुभूति धाम, कृपालपुर, नालागढ़ की ओर से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी केंद्र की संचालिका बीके अनीता दीदी ने नालागढ़ के एसडीएम नरेंद्र अहलूवालिया एवं उनके कार्यालय के स्टाफ सदस्यों को शिव बाबा का पवित्र रक्षा सूत्र बांधा।
बीके अनीता दीदी ने रक्षाबंधन के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह पर्व केवल भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक ही नहीं, बल्कि पवित्रता, आत्मिक सुरक्षा, प्रेम और श्रेष्ठ संकल्पों का संदेश भी देता है। उन्होंने सभी को जीवन में सकारात्मकता, शांति और नैतिक मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर एसडीएम नालागढ़ नरेंद्र अहलूवालिया एवं कार्यालय के समस्त स्टाफ ने ब्रह्माकुमारी संस्था द्वारा दिए जा रहे आध्यात्मिक और सामाजिक मूल्यों के संदेश की सराहना की। कार्यक्रम में सभी ने आपसी प्रेम, भाईचारे और विश्व शांति का संकल्प लिया।
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा रक्षाबंधन के पावन पर्व पर दिया गया पवित्रता और आत्मिक सुरक्षा का यह संदेश सभी के लिए प्रेरणादायक रहा.
