Spread the love
  • स्क्रीनिंग से उपचार और फॉलो-अप तक पूरी प्रक्रिया की होगी निगरानी

हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता

बिलासपुर, 02 सितंबर: जिले में 3 से 8 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों में दृष्टि संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान और आवश्यक उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की पहल ‘मिशन दृष्टि बिलासपुर’ के प्रभावी क्रियान्वयन और नियमित निगरानी के लिए जिला स्तरीय समिति का गठन किया गया है।

समिति की अध्यक्षता उपायुक्त-एवं-अध्यक्ष, रेड क्रॉस सोसायटी, जिला शाखा बिलासपुर करेंगे। अतिरिक्त उपायुक्त बिलासपुर को उपाध्यक्ष तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी बिलासपुर को सदस्य सचिव बनाया गया है। समिति में जिला कल्याण अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास, उच्च एवं प्रारंभिक शिक्षा विभाग के उपनिदेशक, डाइट के प्रधानाचार्य-एवं-परियोजना निदेशक, भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी के प्रतिनिधि तथा क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर और एम्स बिलासपुर के नेत्र विशेषज्ञों को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।

उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने बताया कि मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास तथा कल्याण विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, शिक्षकों और संबंधित विभागीय कर्मचारियों के सहयोग से लक्षित आयु वर्ग के बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि मिशन दृष्टि बिलासपुर के तहत बच्चों की दृष्टि संबंधी समस्याओं पर एक वर्ष का अध्ययन भी किया जाएगा। स्क्रीनिंग के दौरान एकत्रित आंकड़ों के आधार पर जिले में बच्चों की दृष्टि संबंधी समस्याओं की स्थिति का आकलन किया जाएगा। अध्ययन के निष्कर्षों के आधार पर भविष्य में बच्चों के नेत्र स्वास्थ्य से जुड़ी सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए साक्ष्य-आधारित कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

उन्होंने बताया कि मिशन का विधिवत शुभारंभ 1 सितंबर से किया गया है। इसके तहत जिले के प्राथमिक स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में आने वाले 3 से 8 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों की नेत्र स्क्रीनिंग की जाएगी। स्क्रीनिंग के माध्यम से दृष्टि संबंधी समस्याओं की प्रारंभिक स्तर पर पहचान कर आवश्यकता के अनुसार बच्चों को आगे की जांच और उपचार से जोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि स्क्रीनिंग के दौरान दृष्टि संबंधी समस्या पाए जाने पर बच्चों को संबंधित स्वास्थ्य संस्थान में रेफर किया जाएगा। आवश्यकता के अनुसार चश्मा, चिकित्सकीय उपचार अथवा अन्य आवश्यक नेत्र सेवाएं उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की जाएगी। स्क्रीनिंग के बाद बच्चे को उपचार मिलने तक फॉलो-अप भी सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि चिन्हित मामलों का उपचार पूरा हो और कोई बच्चा उपचार से वंचित न रहे। मिशन के तहत बच्चों और अभिभावकों को आंखों की उचित देखभाल के प्रति जागरूक करने के लिए भी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें स्क्रीन टाइम कम करने, आउटडोर गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा दृष्टि संबंधी समस्या होने पर समय पर विशेषज्ञ से परामर्श लेने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता प्रदान की जाएगी।

उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय समिति मिशन की प्रगति की नियमित समीक्षा करेगी। समिति द्वारा स्क्रीनिंग, रेफरल, उपचार, फॉलो-अप और जागरूकता गतिविधियों की प्रभावशीलता का आकलन किया जाएगा। समीक्षा के आधार पर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाते हुए मिशन को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा।

 

Leave a Reply

You missed