Spread the love

हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता

अर्की, 3 सितंबर। उपमंडल अर्की के डुमैहर में तीन दिवसीय अंडर-14 स्कूली छात्र वर्ग की खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ वीरवार को हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन नया सवेरा जन कल्याण समिति अर्की के अध्यक्ष भीम सिंह ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि किया।

आयोजक समिति ने मुख्यातिथि को शॉल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में क्षेत्र के 25 विद्यालयों के 229 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। खिलाड़ियों के बीच कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल और बैडमिंटन प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।

मुख्यातिथि भीम सिंह ठाकुर ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। खेलों से शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन एवं टीम भावना का भी विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया तथा आयोजक समिति को अपनी ओर से 7100 रुपये देने की घोषणा की।

प्रतियोगिता के पहले दिन खो-खो में बथालंग ने हिमाचल एकेडमिक स्कूल बाहवां, डुमैहर ने बखालग, भूमती ने बथालंग तथा डुमैहर ने गुरुकुल इंटरनेशनल कुनिहार को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। कबड्डी में चंडी (अर्की) और एसवीएन कुनिहार ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर अगले चरण में जगह बनाई। वॉलीबॉल में चंडी (अर्की), मांगू और शहरोल की टीमों ने जीत दर्ज की।

इस अवसर पर पंचायत प्रधान कर्मचंद, उपप्रधान शीतल पाल, प्रधानाचार्य अरुण कुमार, डीपीई राजकुमार पाल, टूर्नामेंट प्रभारी यशपाल, पर्यवेक्षक महेंद्र राठौर सहित विद्यालय स्टाफ, खिलाड़ी और स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

You missed