हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
सोलन, 6 सितंबर। गुरुकुल इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सोलन में स्वर्गीय सविता गर्ग की स्मृति में 19वें ‘सविता गर्ग मेमोरियल इन्फोटेनिएड’ एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और देवी वंदना के साथ हुआ। यह आयोजन हर वर्ष उनकी स्मृति में ज्ञान, प्रतिभा, रचनात्मकता, सेवा और मानव कल्याण के मूल्यों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया जाता है।
रक्तदान शिविर में विद्यालय के निदेशक समीर गर्ग और पीयूष गर्ग ने सबसे पहले रक्तदान कर सभी को प्रेरित किया। उनके आह्वान पर बड़ी संख्या में लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा के इस अभियान में योगदान दिया।
इसके बाद ‘इन्फोटेनिएड’ के तहत सोलन जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताओं में ‘आर्टवेंचर’ पेंटिंग प्रतियोगिता, ‘साइक्रेस्ट’ विज्ञान प्रश्नोत्तरी, ‘पावर ऑफ पर्सुएशन’ वाद-विवाद प्रतियोगिता तथा मूट कोर्ट शामिल रहे। प्रतिभागियों ने कला, विज्ञान, तर्कशक्ति, संवाद कौशल और नेतृत्व क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
प्रधानाचार्या सागरिका बख्शी ने सभी प्रतिभागी विद्यालयों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने, आत्मविश्वास बढ़ाने और बड़े लक्ष्य निर्धारित करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
परिणाम:
ओवरऑल ट्रॉफी: एम.आर.ए. डी.ए.वी.
पेंटिंग प्रतियोगिता: प्रथम – बाल भारती स्कूल
वाद-विवाद प्रतियोगिता: प्रथम – राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल, चायल
विज्ञान प्रश्नोत्तरी: प्रथम – सेंट ल्यूक्स
मूट कोर्ट: प्रथम – एम.आर.ए. डी.ए.वी.
ज्ञान, प्रतिभा और मानव सेवा के संगम बने इस आयोजन ने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने, कड़ी मेहनत करने और समाज के प्रति अपने दायित्व निभाने का प्रेरक संदेश दिया।
