Spread the love

 

हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता

अर्की, 06 सितंबर। उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय उच्च विद्यालय लड़ोग में शनिवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षा विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार ‘शिक्षा संवाद’ एवं सामान्य सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के अभिभावकों, विद्यालय प्रबंधन समिति सदस्यों और पंचायत प्रतिनिधियों सहित विभिन्न हितधारकों ने भाग लिया।

शिक्षा संवाद में विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं सर्वांगीण प्रगति पर चर्चा की गई। विद्यार्थियों के प्रगति कार्ड पर विचार-विमर्श करते हुए उनकी उपलब्धियों, कमियों और सुधार के लिए किए जाने वाले प्रयासों पर शिक्षकों एवं अभिभावकों ने अपने विचार साझा किए। इसके अलावा विद्यालय के विकासात्मक कार्यों, शैक्षणिक वातावरण, विद्यार्थियों को उपलब्ध सुविधाओं तथा विद्यालय के समग्र विकास से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। अभिभावकों और एसएमसी सदस्यों ने विद्यालय के विकास में हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।

बैडमिंटन में विद्यालय ने हासिल किया दूसरा स्थान

शिक्षा संवाद के दौरान विद्यालय की खेल उपलब्धि का भी उल्लेख किया गया। राजकीय उच्च विद्यालय लड़ोग की अंडर-14 छात्र बैडमिंटन टीम ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सरयांज में आयोजित अंडर-14 छात्र खेलकूद प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में द्वितीय स्थान हासिल किया। विद्यालय परिवार ने टीम के खिलाड़ियों और प्रशिक्षक भूपेन्द्र कुमार शास्त्री को बधाई दी।

विद्यालय प्रभारी यशपाल वर्मा ने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के शैक्षणिक, खेलकूद, सांस्कृतिक एवं नैतिक विकास का समन्वित प्रयास ही वास्तविक शिक्षा है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर विद्यालय एसएमसी प्रधान बबिता ठाकुर, नवीन ठाकुर, उपप्रधान संतोष कुमारी, गायत्री देवी, ग्राम पंचायत कुंहर के उपप्रधान जुगल किशोर सहित अन्य अभिभावक मौजूद रहे। प्राथमिक विद्यालय के मुख्य शिक्षक अरुण कुमार तथा राजकीय उच्च विद्यालय लड़ोग के समस्त अध्यापक भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अभिभावकों, एसएमसी सदस्यों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं अन्य हितधारकों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

You missed