हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
अर्की, 07 सितंबर। राज्य स्तरीय सायर मेले की तैयारियों को लेकर सोमवार को एसडीएम कार्यालय के सभागार में आयोजित बैठक में विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि सभी लोगों को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर इस ऐतिहासिक मेले को हर्षोल्लास के साथ मनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सायर मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक धरोहर है और इसे सफल बनाने के लिए अर्की विधानसभा क्षेत्र के लोगों को बढ़-चढ़कर भागीदारी निभानी चाहिए।
संजय अवस्थी ने कहा कि इस बार प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू को भी मेले में आमंत्रित किया जाएगा। इसके लिए वह जल्द ही मेला अधिकारी के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे। बैठक के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से मेले की तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने पुलिस विभाग को सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए, जबकि एचआरटीसी अधिकारियों से मेला स्थल तक आने-जाने वाले लोगों के लिए पर्याप्त बस सेवाएं उपलब्ध करवाने को कहा। नगर पंचायत से सफाई व्यवस्था बेहतर बनाए रखने का आग्रह किया गया। वहीं स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग सहित अन्य विभागों को भी मेले के सफल आयोजन में पूरा सहयोग देने को कहा गया।
विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए मेले में विभागीय प्रदर्शनी लगाई जाए। साथ ही युवक मंडलों और महिला मंडलों की भागीदारी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
इस अवसर पर मेला अधिकारी एवं एसडीएम निशांत तोमर ने बताया कि राज्य स्तरीय सायर मेला 17, 18 और 19 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। मेले के दौरान कबड्डी, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, रस्साकशी और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता सहित कई खेल एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा स्थानीय स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ तीनों दिन हिंदी और पंजाबी कलाकारों की स्टार नाइट भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।
बैठक में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सतीश कश्यप, नगर पंचायत अध्यक्ष सीमा शर्मा, पूर्व अध्यक्ष अनुज गुप्ता, डीएसपी नवीन झाल्टा, बीएमओ डॉ. मुक्ता रस्तोगी, तहसीलदार विपिन वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
