Spread the love

हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता

सोलन, 09 सितंबर। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार जिला सोलन में 9 से 30 सितंबर 2026 तक 9वां राष्ट्रीय पोषण माह मनाया जाएगा। इस वर्ष पोषण माह की थीम “हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” रखी गई है। अभियान का शुभारंभ राष्ट्रीय स्तर पर वाराणसी (उत्तर प्रदेश) से किया जाएगा तथा इसका सीधा प्रसारण सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में दिखाया जाएगा।

उपायुक्त सोलन ने बताया कि पोषण माह के दौरान जिले में विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें पोषणयुक्त एवं प्रोटीन युक्त आहार को बढ़ावा देना, आंगनवाड़ी केंद्रों में ताजा पका हुआ गर्म भोजन (हॉट कुक्ड मील) सुनिश्चित करना, सामुदायिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना तथा बच्चों के प्रारंभिक विकास (ईसीडी) और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (पीएमएमवीवाई) के प्रति जागरूकता फैलाना शामिल है।

उन्होंने बताया कि अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा, जल शक्ति, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सहयोग से समन्वित कार्ययोजना तैयार की गई है।

जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग ने बताया कि पोषण माह के दौरान जिले के सभी 1281 आंगनवाड़ी केंद्रों में पोषण मेले, पोषण रैलियां, गृह भ्रमण, समुदाय आधारित कार्यक्रम तथा जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे। सभी गतिविधियों का प्रचार-प्रसार जन आंदोलन डैशबोर्ड पर भी किया जाएगा।

प्रशासन ने पंचायत प्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों तथा आम जनता से पोषण माह को सफल बनाने के लिए सक्रिय भागीदारी की अपील की है।

Leave a Reply

You missed