हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
बद्दी, 10 सितंबर। ईएसआई अस्पताल बद्दी में आयोजित सुविधा समागम में कामगारों, रोगियों और उनके आश्रितों ने चिकित्सा सुविधाओं की कमी को लेकर नाराजगी जताई। श्रमिक नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि एक माह के भीतर अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन और हड़ताल का रास्ता अपनाया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता संयुक्त निदेशक प्रभारी धर्मवीर और उपनिदेशक जय सिंह ने की। चैम्बर ऑफ कॉमर्स पांवटा साहिब के सलाहकार देवव्रत यादव ने पांवटा साहिब, रामपुर बुशहर और कांगड़ा में ईएसआई अस्पताल तथा बद्दी में मेडिकल कॉलेज खोलने की मांग उठाई। उन्होंने विभिन्न मामलों में लाभ और उपचार स्वीकृति में हो रही देरी पर भी चिंता जताई।
दीपक स्पिनर्स लिमिटेड के एचआर हेड भूपिंदर कुमार ने आरोप लगाया कि नए पंजीकृत कामगारों को एक माह तक उपचार नहीं मिल रहा और उन्हें अस्पताल से लौटाया जा रहा है। इस पर अधिकारियों ने तत्काल आवश्यक निर्देश जारी करने का आश्वासन दिया।
भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश सचिव राजू भारद्वाज ने कहा कि ईएसआई मॉडल अस्पताल काठा केवल रेफरल केंद्र बनकर रह गया है और मरीजों को पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। उन्होंने निजी अस्पतालों के बढ़ते बिलों की जांच की भी मांग उठाई।
संघ के सदस्य मेला राम चंदेल ने अस्पताल में दवाओं की कमी, अल्ट्रासाउंड और अन्य मशीनों के बंद रहने, विशेषज्ञ डॉक्टरों के अभाव तथा आपातकालीन सेवाओं की खराब स्थिति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि एक माह के भीतर सुविधाओं में सुधार नहीं हुआ तो भारतीय मजदूर संघ अस्पताल परिसर में हड़ताल करेगा।
बैठक में उद्योगपतियों, श्रमिक संगठनों और कामगार प्रतिनिधियों ने भाग लेकर विभिन्न समस्याओं और मांगों को प्रशासन के समक्ष रखा।
