एआई और अत्याधुनिक तकनीकों के गुर सीख रहे विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के शिक्षक
हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
हमीरपुर, 15 सितंबर। राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज हमीरपुर (बड़ू) के परिसर में मंगलवार को शिक्षकों के लिए ‘एमर्जिंग टेक्नोलॉजी फॉर एजुकेटर्स’ विषय पर पांच दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम शुरू हुआ। यह कार्यक्रम 19 सितंबर तक चलेगा। कार्यक्रम को ई एंड आईसीटी अकादमी के माध्यम से सी-डैक मोहाली द्वारा प्रायोजित किया गया है।
राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज हमीरपुर में सी-डैक के माध्यम से दूसरी बार इस तरह का उच्च स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसमें हिमाचल प्रदेश के विभिन्न पॉलीटेक्निक संस्थानों, सीनियर सेकेंडरी स्कूलों तथा अन्य प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों के 36 शिक्षक भाग ले रहे हैं।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ सी-डैक मोहाली के ई-ग्रेड वैज्ञानिक डॉ. बलविंदर सिंह ने किया। पहले सत्र में उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक के विभिन्न क्षेत्रों में उपयोग, इसके लाभों तथा भविष्य में इस क्षेत्र में हो रही रिसर्च के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
दूसरे सत्र में आईआईटी रोपड़ की विशेषज्ञ डॉ. श्वेता ने एआई टूल्स के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए शिक्षकों को इनके व्यावहारिक उपयोग की जानकारी दी। वहीं, ई एंड आईसीटी अकादमी की प्रोजेक्ट इंजीनियर सोनिया बड़गुजर ने रिसर्च में उपयोग किए जाने वाले विभिन्न एआई टूल्स के बारे में प्रतिभागियों को जानकारी प्रदान की।
यह पांच दिवसीय महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज हमीरपुर के प्रधानाचार्य चंद्र शेखर के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। संस्थान के सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के अध्यक्ष डॉ. पंकज ठाकुर कार्यक्रम के मुख्य समन्वयक हैं, जबकि इसी विभाग के वरुण गुप्ता सह-समन्वयक की भूमिका निभा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों को एआई सहित विभिन्न उभरती हुई तकनीकों की जानकारी देने के साथ-साथ इनके शैक्षणिक एवं शोध कार्यों में प्रभावी उपयोग के लिए भी प्रशिक्षित किया जा रहा है।

