हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
नालागढ़, 16 सितंबर। राजकीय महाविद्यालय नालागढ़ के भूगोल विभाग द्वारा विश्व ओज़ोन दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ललित कुमार गुलेरिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर डॉ. गुलेरिया ने ओज़ोन परत के पर्यावरण और पृथ्वी पर जीवन के लिए महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
भूगोल विभाग की ओर से प्रश्नोत्तरी, भाषण तथा पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में अल्फा टीम ने प्रथम, गामा टीम ने द्वितीय तथा बीटा टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में किरण बाला प्रथम, ऋतु देवी द्वितीय और उमा देवी तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में हरप्रीत कौर ने प्रथम, बलजिंदर कौर ने द्वितीय तथा छाया ने तृतीय स्थान हासिल किया।
भूगोल विभागाध्यक्ष डॉ. शिवानी अबरोल ने ओज़ोन परत के क्षरण पर चिंता व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को इसके कारणों और संरक्षण के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ओज़ोन परत सूर्य की हानिकारक पराबैंगनी किरणों से पृथ्वी की रक्षा करती है, इसलिए इसका संरक्षण सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं के लिए प्राध्यापकों ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण और ओज़ोन परत की सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया।
