हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
सोलन, 21 सितंबर। डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय (यूएचएफ), नौणी के पुष्प विज्ञान एवं लैंडस्केपिंग विभाग द्वारा सोलन जिले की ग्राम पंचायत कोठो के गांव कुंडला में ‘कट एवं पॉटेड फूल’ विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (आरकेवीवाई)-अनुसूचित जाति उप-योजना (एससीएसपी) के तहत आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य किसानों को पुष्प उत्पादन का व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना तथा फसल विविधीकरण और आय सृजन में इसकी संभावनाओं से अवगत करवाना था। प्रशिक्षण कार्यक्रम में लगभग 65 किसानों ने भाग लिया।
विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र डॉ. (कर्नल) संजय शांडिल कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने कृषि एवं बागवानी में विविधीकरण के अवसरों से किसानों को परिचित करवाने में इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रमों और व्यावहारिक प्रदर्शनों के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम किसानों को नई तकनीकों और उन्नत कृषि पद्धतियों की जानकारी प्रदान करने के साथ-साथ उनकी कृषि गतिविधियों और आय में सुधार करने में सहायक होते हैं। उन्होंने फूलों की विभिन्न देशी किस्मों के विकास के लिए विभाग के प्रयासों की सराहना की और इन किस्मों को किसानों के बीच अपनाने को बढ़ावा देने के लिए कृषकों की खेतों में प्रदर्शन इकाइयां स्थापित करने का सुझाव दिया।
पुष्प विज्ञान एवं लैंडस्केपिंग विभाग के वैज्ञानिकों एवं शोधार्थियों, जिनमें डॉ. बीएस डिल्टा, प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष; डॉ. पूजा शर्मा; डॉ. मीनाक्षी बसोली; डॉ. प्रीति शर्मा; डॉ. अरुशी गर्ग तथा प्रियंका शर्मा शामिल रहे, ने किसानों को कट, लूज एवं पॉटेड फूलों के उत्पादन से संबंधित विभिन्न पहलुओं की तकनीकी जानकारी प्रदान की।
प्रशिक्षण के दौरान डॉ. बीएस डिल्टा ने पुष्प उत्पादन की वर्तमान स्थिति, संभावनाओं और रोजगार के अवसरों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि पुष्प उत्पादन को अपनाकर किसान अपनी फसल प्रणाली में विविधता ला सकते हैं तथा कृषि आय में वृद्धि कर सकते हैं। डॉ. पूजा शर्मा ने सिम्बिडियम तथा अन्य कट फ्लावर फसलों की व्यावसायिक खेती पर विस्तृत व्याख्यान दिया। वहीं, डॉ. मीनाक्षी बसोली ने गुलदाउदी की रोपाई से लेकर कटाई तक की उत्पादन तकनीकों की जानकारी दी तथा पॉटेड पौधों की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला। डॉ. प्रीति शर्मा ने कार्नेशन उत्पादन से संबंधित तकनीकी जानकारी किसानों के साथ साझा की।
प्रतिभागियों को विभिन्न प्रकार के पॉटेड पौधों, ग्रोइंग मीडिया एवं उनके प्रबंधन के साथ-साथ घरों, संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों की सुंदरता बढ़ाने के लिए फूलदार एवं सजावटी पौधों के उपयोग के बारे में भी जानकारी दी गई। फूलों की मदद से पर्यावरण की सुंदरता बढ़ाने और प्रदूषण को कम करने में उनकी भूमिका पर भी चर्चा की गई। समापन सत्र के दौरान किसानों को पौधे एवं उपयोगी साहित्य वितरित किया गया। वैज्ञानिकों ने किसानों द्वारा पूछे गए सवालों का समाधान किया और उन्हें विभिन्न पुष्पीय एवं लैंडस्केप फसलों से संबंधित तकनीकी मार्गदर्शन प्राप्त करने के लिए विश्वविद्यालय आने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर किसानों के लिए पुष्प उत्पादन से संबंधित तकनीकों एवं उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। कार्यक्रम में पूनम शांडिल, सुषांत ठाकुर, प्रधान ग्राम पंचायत कोठो, अंकुर ठाकुर, उप-प्रधान ग्राम पंचायत कोठो तथा पूर्व प्रधान कृष्ण लाल ठाकुर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
