हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
अर्की, 26 सितंबर। विश्व रेबीज़ सप्ताह के तहत सिविल अस्पताल अर्की में आशा कार्यकर्ताओं के लिए रेबीज़ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन खंड चिकित्सा अधिकारी अर्की डॉ. मुक्ता रस्तोगी के नेतृत्व में किया गया।
इस अवसर पर डॉ. विजय कुमार शांडिल ने आशा कार्यकर्ताओं को रेबीज़ बीमारी, इसके संक्रमण, बचाव और उपचार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रेबीज़ संक्रमित पशु के काटने, खरोंचने या उसकी लार के संपर्क में आने से फैल सकती है और समय पर उपचार न मिलने पर यह जानलेवा साबित हो सकती है।
उन्होंने कहा कि पशु के काटने या खरोंच लगने पर घाव को तुरंत साबुन और बहते पानी से अच्छी तरह धोना चाहिए तथा बिना देरी किए नजदीकी स्वास्थ्य संस्थान में चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए। साथ ही घरेलू उपचार या घाव पर मिट्टी, तेल अथवा अन्य पदार्थ लगाने से बचने की सलाह दी।
कार्यक्रम में आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका पर भी चर्चा की गई। उन्हें अपने क्षेत्रों में लोगों को पशु काटने की घटनाओं को गंभीरता से लेने, समय पर टीकाकरण करवाने तथा पालतू पशुओं के नियमित टीकाकरण के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में आशा कार्यकर्ताओं ने समुदाय में रेबीज़ के प्रति जागरूकता फैलाने और रेबीज़ मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
