
हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
शिमला, 4 अक्टूबर। चमियाना में रविवार को स्वर्गीय तुलसी राम, स्वर्गीय धर्म सिंह एवं स्वर्गीय राजू वर्मा मेमोरियल तथा खेल पर्यावरण एवं सांस्कृतिक संस्था के तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय पंचायत स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। प्रतियोगिता में वॉलीबॉल, कबड्डी और रस्साकशी मुकाबले आयोजित किए गए।
इस अवसर पर अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उनकी भूमि और संपत्तियों का बेहतर उपयोग कर आय के स्थायी साधन विकसित किए जाने चाहिए। उन्होंने युवाओं को खेलों, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार क्षेत्र के विकास और युवाओं की प्रतिभा निखारने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।
मंत्री ने खेल मैदान के संरक्षण एवं विकास के लिए एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश भी दिए, ताकि यहां खेल गतिविधियों के साथ सामाजिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा सके। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चमियाना को अगले शैक्षणिक सत्र से सीबीएसई स्कूल के रूप में शुरू करने की घोषणा की।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में 12 से 15 करोड़ रुपये की लागत से बहुमंजिला पार्किंग परिसर विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। साथ ही चौक के विस्तार और 300 से 400 वाहनों की पार्किंग सुविधा विकसित करने की योजना पर भी कार्य किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने युवाओं से सांस्कृतिक एवं धार्मिक परंपराओं को संरक्षित रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बीच पारंपरिक आयोजनों और सांस्कृतिक गतिविधियों को जीवित रखना आवश्यक है।
प्रतियोगिता के समापन पर मुख्यातिथि ने कबड्डी प्रतियोगिता की विजेता ऊना टीम को 70 हजार रुपये एवं ट्रॉफी तथा उपविजेता सिरमौर टीम को 31 हजार रुपये एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट विशाल भारद्वाज को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी अंकित कोटिया, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अशोक ठाकुर, एसएचओ ढली विवेक गौतम, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राम कृष्ण शांडिल, बीडीसी चेयरमैन तारा चंद ठाकुर, बीडीसी वाइस चेयरमैन मतेंद्र, बीडीसी सदस्य निशा ठाकुर, राधा और कुलदीप वर्मा, प्रधान मीना वर्मा, उप प्रधान रतन सिंह, पार्षद नरेंद्र ठाकुर, विशाखा मोदी, पूर्व पार्षद सतीश वर्मा, भूपेंद्र कंवर, खेल पर्यावरण एवं सांस्कृतिक संस्था के अध्यक्ष मदन ठाकुर, दिवाकर शर्मा, सुरेंद्र ठाकुर, रमेश ठाकुर, रमेश चौहान सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
