
हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
सोलन, 06 अक्तूबर। शूलिनी यूनिवर्सिटी के मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (MBA) प्रोग्राम ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। बिजनेस टुडे–MDRA बेस्ट B-स्कूल रैंकिंग 2026-27 में शूलिनी MBA को लगातार पांचवीं बार भारत के टॉप 100 B-स्कूलों में स्थान मिला है। इस वर्ष शूलिनी MBA को देशभर में 85वीं रैंक प्राप्त हुई है।
रैंकिंग के अनुसार, शूलिनी बिजनेस स्कूल हिमाचल प्रदेश में IIM सिरमौर के बाद दूसरे स्थान पर रहा, जबकि प्राइवेट B-स्कूलों की श्रेणी में उसने प्रदेश में पहला और देशभर में 66वां स्थान हासिल किया है। इसके अलावा ऑनलाइन MBA श्रेणी में शूलिनी को भारत में 49वीं तथा हिमाचल प्रदेश में पहला स्थान मिला है।
रिटर्न ऑन इन्वेस्टमेंट (ROI) श्रेणी में भी शूलिनी MBA ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए देश में 85वीं और हिमाचल प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। विश्वविद्यालय प्रबंधन के अनुसार यह उपलब्धि संस्थान की प्रैक्टिकल लर्निंग, इंडस्ट्री एक्सपोजर और कौशल आधारित शिक्षा पर केंद्रित रणनीति का परिणाम है।
शूलिनी यूनिवर्सिटी के फाउंडर-चांसलर प्रो. पी.के. खोसला ने कहा कि लगातार पांचवीं बार टॉप 100 B-स्कूलों में शामिल होना फैकल्टी, छात्रों और अकादमिक टीम की मेहनत का परिणाम है। वहीं, वाइस चांसलर प्रो. अतुल खोसला ने कहा कि विश्वविद्यालय भविष्य के लिए तैयार बिजनेस लीडर्स विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है, जो उद्योग जगत की चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना कर सकें।
