- नानकपुर ने फाइनल में मंधाला को 15 रन से हराया. चैंबर ऑफ़ कॉमर्स हिमाचल प्रदेश के स्लाहकार देव वरत यादव ने किया शुभारंभ, विधि चंद ने किया समापन
हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
बद्दी 2 नवंबर। परमेश्वर स्पोर्ट्स क्लब बुरांवाला की ओर से 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को आयोजित दूसरे क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन धूमधाम से हुआ। टूर्नामेंट का शुभारंभ सुबह 7:30 बजे कीर्तन मंडली बुरांवाला ने किया। समापन समारोह में समाजसेवी एवं भाजपा नेता बिधि चंद राणा बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे, जबकि चैंबर ऑफ कॉमर्स हिमाचल प्रदेश के सलाहकार देवव्रत यादव ने टूर्नामेंट का शुभारंभ किया ।
टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला नानकपुर और मंधाला के बीच खेला गया। नानकपुर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार ओवर में 65 रन बनाए। जवाब में मंधाला की टीम 50 रन ही बना सकी। इस तरह नानकपुर ने 15 रन से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता में विजेता नानकपुर को 31 हजार रुपये और उपविजेता मंधाला को 21 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। वहीं बरोटीवाला और कोना की टीमों को तीसरे स्थान के लिए 3,100-3,100 रुपये दिए गए। नानकपुर के गुरनाम को बेस्ट बॉलर, मंधाला के प्रिंस को बेस्ट बैट्समैन और नानकपुर के रणजीत को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया।
इस अवसर पर देवव्रत यादव ने टूर्नामेंट के लिए 21 हजार रुपये का सहयोग दिया। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलों की ओर रुख करने का आह्वान किया और भविष्य में भी क्लब को पूरा सहयोग देने की बात कही।
मुख्य अतिथि बिधि चंद राणा ने 5100 रुपए का योगदान दिया व कहा कि खेलों को हमेशा खेल भावना से खेलना चाहिए। हार-जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन इसमें भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए सामाजिक संस्थाओं, राजनीतिक दलों और समाज के वरिष्ठ लोगों को खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए आगे आना चाहिए। जानकारी देते हुए क्लब के सदस्य जय पाल ने बताया कि इस प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए सभी लोगों ने अपने प्रयास, समर्पण व योगदान दिया ।
