हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
कुनिहार, 11 नवंबर। कृषि विज्ञान केंद्र, सोलन ने आत्मा (ATMA), सोलन के संयुक्त तत्वावधान में प्राकृतिक खेती तथा खेत बचाओ अभियान के अंतर्गत बनिया देवी, कुनिहार में एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया। इस प्रशिक्षण शिविर में विभिन्न क्षेत्रों से आए लगभग 100 किसानों ने भाग लिया।
इस अवसर पर डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी के कुलपति डॉ. एच.एस. बवेजा ने मुख्य अतिथि के रूप में तथा निदेशक विस्तार शिक्षा डॉ. डी.पी. शर्मा ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। अपने संबोधन में डॉ. बवेजा ने कहा कि प्राकृतिक खेती हमारे पूर्वजों द्वारा अपनाई जाने वाली पारंपरिक कृषि पद्धति है और यह हमारी कृषि विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा रही है। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती की पारंपरिक तकनीकों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ अपनाने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं से कृषि क्षेत्र में आगे आने और कृषि को एक लाभकारी एवं उद्यमशील व्यवसाय के रूप में अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने विशेष रूप से किसानों एवं युवाओं को लहसुन की फसल को व्यावसायिक स्तर पर अपनाने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि युवा मशरूम उत्पादन एवं कीवी की व्यावसायिक खेती को भी स्वरोजगार एवं आय सृजन के बेहतर विकल्प के रूप में अपना सकते हैं। उन्होंने युवाओं को कृषि एवं बागवानी के इन उभरते क्षेत्रों में नवीन तकनीकों को अपनाकर अपनी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने के लिए प्रोत्साहित किया।
निदेशक विस्तार शिक्षा डॉ. डी.पी. शर्मा ने अपने संबोधन में किसानों से आग्रह किया कि वे कृषि विज्ञान केंद्र, सोलन तथा विश्वविद्यालय के साथ निरंतर जुड़े रहें। उन्होंने कहा कि किसानों को खेती-बाड़ी के दौरान आने वाली विभिन्न समस्याओं के उचित एवं वैज्ञानिक समाधान के लिए विश्वविद्यालय एवं कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों से नियमित रूप से संपर्क करना चाहिए, ताकि नवीन कृषि तकनीकों एवं वैज्ञानिक अनुसंधान का लाभ सीधे किसानों तक पहुंच सके।
कार्यक्रम के दौरान किसानों को प्राकृतिक खेती के सिद्धांतों, देसी गाय आधारित कृषि पद्धतियों, जीवामृत, घनजीवामृत एवं बीजामृत के निर्माण एवं उपयोग के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इसके साथ ही खेत बचाओ अभियान के अंतर्गत मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, संतुलित उर्वरक उपयोग, फसलों में कीट एवं रोग प्रबंधन तथा टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र की प्रभारी, सोलन डॉ. सीमा ठाकुर, डॉ. राजेश ठाकुर, वैज्ञानिक (फूल विज्ञान ); रजनी, परियोजना अधिकारी, आत्मा; डॉ. प्रदीप, सह-निदेशक अनुसंधान; डॉ. मानिका तोमर, वैज्ञानिक (पादप रोग विज्ञान विभाग); नरेश भाटिया, प्रिंसिपल फार्म मैनेजर; बागवानी विकास अधिकारी डॉ. रमेश सहित अन्य अधिकारी एवं वैज्ञानिक उपस्थित रहे। प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने वाले किसानों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए आग्रह किया कि इस प्रकार के ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी प्रशिक्षण कार्यक्रम भविष्य में भी नियमित रूप से आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि उन्हें कृषि एवं बागवानी से संबंधित नवीनतम वैज्ञानिक तकनीकों की जानकारी मिलती रहे तथा वे अपनी खेती में आ रही समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकें।
