हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
बद्दी, 11 अप्रैल। दून के विधायक राम कुमार चौधरी ने कहा कि रेडक्रॉस सोसायटी मानवता की सेवा का एक सशक्त माध्यम है और यह जरूरतमंद एवं असहाय लोगों की सहायता में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। राम कुमार चौधरी गत दिवस सोलन ज़िला के बद्दी में आयोजित उपमंडल स्तरीय रेडक्रॉस सोसायटी की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
राम कुमार चौधरी ने इस अवसर पर सभी अधिकारियों, सदस्यों एवं आम जन का आह्वान किया कि इस संस्था को सशक्त एवं प्रभावी बनाने के लिए सक्रिय सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि पीड़ित मानवता की सहायता में रेडक्रॉस समिति का सराहनीय योगदान रहा है और सबको रेडक्रॉस समिति को उदारता पूर्वक अंशदान देना चाहिए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेडक्रॉस सोसायटी की गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाए जाएं ताकि अधिक से अधिक लोग इस जन हितकारी संस्था से जुड़ सकें।
बैठक में नवगठित उपमंडल रेड क्रॉस सोसायटी यूनिट-बद्दी के गठन एवं कार्यप्रणाली से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में रेडक्रॉस सोसायटी की सदस्यता के लिए आजीवन सदस्यता शुल्क 2000 रुपए, वार्षिक अंशदान 1000 रुपए तथा सामान्य वार्षिक सदस्यता 250 रुपए एवं संस्थागत सदस्यता के लिए न्यूनतम 20,000 रुपए वार्षिक शुल्क निर्धारित करने पर चर्चा की गई।
बैठक में सोसायटी के सुचारू संचालन के लिए न्यूनतम 50 सदस्यों की अनिवार्यता पर भी विचार-विमर्श किया गया। सोसायटी के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देने तथा इसकी आय में वृद्धि के लिए विभिन्न सुझाव प्रस्तुत किए गए।
बैठक में उपमंडल बद्दी में रेडक्रॉस मेले के आयोजन को लेकर भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर उपमण्डलाधिकारी बद्दी डॉ. संजीव धीमान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बद्दी अशोक वर्मा, वनमण्डलाधिकारी नालागढ़ विकल्प यादव, वनमण्डालाधिकारी कुनिहार राजकुमार, उप निदेशक उच्च शिक्षा सोलन गोपाल चौहान तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी तथा जन शिकायत निवारण समिति के गैर सरकारी सदस्य उपस्थित थे।
