Spread the love

     हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता

नालागढ़, 30 अक्तूबर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पंजैहरा में शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026 को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बाबा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। समारोह में पंजैहरा स्कूल क्लस्टर के अंतर्गत आने वाली माध्यमिक व प्राथमिक पाठशालाओं के विद्यार्थियों ने भी भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम से हुआ। इसके बाद विधायक ने दीप प्रज्ज्वलित किया और विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। स्कूल की प्रधानाचार्य संगीता ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत कर विद्यालय की उपलब्धियों और गतिविधियों की जानकारी दी। इस दौरान प्रधानाचार्य व स्टाफ सदस्यों ने मुख्य अतिथि और अन्य गणमान्य व्यक्तियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।  समारोह में विद्यार्थियों ने भांगड़ा, नाटी, गिद्दा सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। विशेष रूप से भांगड़ा और नाटी की प्रस्तुति ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। मंच संचालन हिंदी प्रवक्ता डॉ. जयपाल ठाकुर ने किया। उन्होंने पहाड़ी लोकगीत प्रस्तुत कर समारोह में चार चांद लगा दिए, जिसकी मुख्य अतिथि ने भी सराहना की।

इस अवसर पर विधायक ने शैक्षणिक गतिविधियों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ-साथ जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर खेलों में विद्यालय का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया। विधायक हरदीप सिंह बाबा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और अन्य गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। मेहनत और लगन से जीवन में ऊंचा मुकाम हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ऐसा माध्यम है, जो जीवनभर व्यक्ति का साथ देती है और इसे कोई छीन नहीं सकता। उन्होंने पंजैहरा स्कूल के विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि यहां बच्चों ने बेहतरीन कार्यक्रम प्रस्तुत किए। समारोह के दौरान प्रवक्ता कॉमर्स श्याम लाल और शारीरिक शिक्षक रामपाल को विद्यालय के प्रति उनके विशेष योगदान के लिए सम्मानित किया गया। अंत में प्रधानाचार्य संगीता ने मुख्य अतिथि, विद्यार्थियों के अभिभावकों और समस्त स्टाफ सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

इस मौके पर ग्राम पंचायत पंजैहरा के प्रधान राम कुमार शर्मा, उपप्रधान, एसएमसी प्रधान सदन पाल, वार्ड सदस्य, घड्याच पंचायत के प्रधान, संगम पाठशालाओं के अध्यापक, विद्यालय का समस्त स्टाफ, अभिभावक और विद्यार्थी मौजूद रहे।

Leave a Reply

You missed