
हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
सोलन, 05 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी सहकारिता प्रकोष्ठ जिला सोलन की आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने को लेकर जिला संयोजक यशपाल ठाकुर की अध्यक्षता में सोलन के होटल गोल्डन बैंचर्स में बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों ने भाग लिया और 29 नवंबर को धर्मपुर-कुमारहट्टी में आयोजित होने वाले शिमला संसदीय क्षेत्र स्तरीय विशाल कार्यक्रम को सफल बनाने पर चर्चा की।
बैठक में मुख्य अतिथि भाजपा समस्त प्रकोष्ठों के संयोजक पुरुषोत्तम गुलेरिया, विशेष अतिथि सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक एवं जिला शिमला कोऑपरेटिव के चेयरमैन नरेश चौहान तथा विशिष्ट अतिथि प्रो. रवीन्द्र ठाकुर उपस्थित रहे। इस दौरान जिला सोलन के 13 मंडलों में से 8 मंडलों के संयोजक एवं सह-संयोजकों ने भाग लिया।
पुरुषोत्तम गुलेरिया ने राष्ट्रीय सहकारिता सप्ताह के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस बार शिमला संसदीय क्षेत्र स्तरीय कार्यक्रम 29 नवंबर को धर्मपुर-कुमारहट्टी में आयोजित किया जाएगा। माह का अंतिम रविवार होने के चलते कार्यक्रम स्थल पर कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को भी सामूहिक रूप से सुनेंगे। कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के उत्पादों के स्टॉल और विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिससे महिलाओं को अपने उत्पादों की बिक्री के माध्यम से आर्थिक संबल मिलेगा।
नरेश चौहान ने कार्यकर्ताओं से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं तक पहुंचकर उन्हें कार्यक्रम में आमंत्रित करने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यक्रम में 1000 से अधिक कार्यकर्ता एवं आमजन भाग लेंगे। प्रो. रवीन्द्र ठाकुर ने सहकारिता क्षेत्र में अनुशासन, पारदर्शिता और जनजागरूकता को महत्वपूर्ण बताया।
बैठक में कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए स्वागत, मंच, पंजीकरण, भोजन, प्रचार-प्रसार, यातायात, पार्किंग, आवास और अन्य व्यवस्थाओं हेतु विभिन्न समितियों का गठन कर जिम्मेदारियां सौंपी गईं। जिला संयोजक यशपाल ठाकुर ने आगामी कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।
बैठक के अंत में होटल मालिक एवं जिला सह-संयोजक चंद्रपाल अग्रवाल ने सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर ओम आर्य, रोहित चंदेल, अमित शर्मा, ईशम ठाकुर, नेक राम, अर्जुन सिंह, वीरेन्द्र मोहन, ओम प्रकाश, रंजीत ठाकुर सहित लगभग 35 कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
