
हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
नालागढ़, 24 अप्रैल। दून वैली पब्लिक स्कूल के छात्र दक्ष चंदेल ने एक बार फिर विद्यालय का नाम रोशन किया है। दक्ष का चयन “इंस्पायर अवॉर्ड प्रदर्शनी एवं प्रोजेक्ट प्रतियोगिता” (MANAK योजना) के राज्य स्तरीय चरण के लिए हुआ है। यह उपलब्धि उनके कठिन परिश्रम, नवाचारपूर्ण सोच और विज्ञान के प्रति समर्पण को दर्शाती है।
दक्ष चंदेल ने विज्ञान शिक्षक सुमित कुमार के मार्गदर्शन में 23 अप्रैल 2026 को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नाहन (हिमाचल प्रदेश) में आयोजित जिला स्तरीय प्रदर्शनी में “थर्माइट प्रोटेक्शन बॉक्स यूज़िंग इंडियन एंशिएंट विजडम विद मॉडर्न साइंस एंड टेक्नोलॉजी” विषय पर अपना प्रोजेक्ट प्रस्तुत किया। उनके इस अभिनव विचार को निर्णायकों द्वारा मौलिकता और व्यावहारिकता के लिए खूब सराहा गया।
इस प्रतियोगिता में जिला सोलन और सिरमौर से कुल 87 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिससे यह आयोजन अत्यंत प्रतिस्पर्धात्मक और प्रेरणादायक बन गया।
राज्य स्तर के लिए चयनित होना विद्यालय के लिए गर्व की बात है। यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी विज्ञान के क्षेत्र में सक्रिय भागीदारी और नवाचार के लिए प्रेरित करेगी। ऐसे मंच विद्यार्थियों में आलोचनात्मक सोच और रचनात्मकता को बढ़ावा देते हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सुनील गांगटा ने दक्ष चंदेल की इस सफलता की सराहना करते हुए उन्हें आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
