हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
अर्की, 18 मई। उपमंडल अर्की के लक्ष्य कॉन्वेंट स्कूल मन्जयाट में नए शैक्षणिक सत्र के तहत शपथ ग्रहण समारोह बड़े उत्साह एवं गरिमा के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. कुसुम गुप्ता की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। इस दौरान नव-निर्वाचित छात्र परिषद सदस्यों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं तथा उन्हें अपने दायित्वों का निष्ठा एवं अनुशासन के साथ निर्वहन करने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्या डॉ. कुसुम गुप्ता के प्रेरणादायक संबोधन से हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों को ईमानदारी, अनुशासन एवं समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि छात्र नेतृत्व विद्यालय के अनुशासन एवं सकारात्मक वातावरण को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विद्यालय के हेड बॉय के रूप में भास्कर तथा हेड गर्ल के रूप में अर्चना को नियुक्त किया गया। इसके अलावा यूनिटी हाउस कप्तान जीवितेश एवं वाइस कप्तान आराध्या, करेज हाउस कप्तान खुशी एवं वाइस कप्तान दक्षिता, इंटीग्रिटी हाउस कप्तान स्वस्तिका एवं वाइस कप्तान धनिष्ठा को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। वहीं कार्तिक को अनुशासन प्रभारी तथा आदिश को स्वच्छता प्रभारी नियुक्त किया गया। नव-निर्वाचित छात्र परिषद सदस्यों ने विद्यालय की गरिमा एवं मूल्यों को बनाए रखने और अपने कर्तव्यों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने की शपथ ली। इसी अवसर पर प्रधानाचार्या डॉ. कुसुम गुप्ता ने कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों के साथ संवादात्मक बैठक भी आयोजित की। बैठक के दौरान विद्यार्थियों की समस्याओं, सुझावों एवं विद्यालय के विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। विद्यार्थियों को खुलकर अपनी बात रखने के लिए प्रेरित किया गया तथा विद्यालय में सकारात्मक बदलावों को लेकर उनके विचार भी जाने गए। कार्यक्रम का समापन नव-निर्वाचित छात्र नेताओं के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं एवं तालियों की गड़गड़ाहट के साथ हुआ।
