
हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
घुमारवीं, 23 मई। पंचायत चुनावों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के उद्देश्य से आज विकासखंड कार्यालय घुमारवीं में पोलिंग अधिकारियों की अंतिम रिहर्सल आयोजित की गई। इस रिहर्सल की अध्यक्षता अभिषेक शर्मा ने की। कार्यक्रम में विभिन्न पंचायतों में चुनाव ड्यूटी पर नियुक्त पोलिंग पार्टियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर अभिषेक शर्मा ने बताया कि आज आयोजित की गई रिहर्सल अंतिम रिहर्सल है तथा इसके उपरांत 24 मई को सभी पोलिंग पार्टियों को संबंधित पंचायतों के लिए रवाना कर दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को चुनाव आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ पालन करने को कहा।
उन्होंने मतदान प्रक्रिया, मतपेटी प्रबंधन, मतदान सामग्री, मतदाता पहचान, सीलिंग प्रक्रिया तथा मतदान समाप्ति के बाद अपनाई जाने वाली औपचारिकताओं के संबंध में विस्तृत जानकारी भी प्रदान की।
इसके अतिरिक्त आज चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए विशेष मतदान व्यवस्था भी की गई।
