हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
दाड़लाघाट, 11 अप्रैल। पंचायती राज चुनाव के लिए आरक्षण रोस्टर जारी होने के बाद ही संभावित प्रत्याशियों ने दावेदारी पेश करनी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में ग्राम पंचायत ददलाघाट के प्रधान पद के लिए समाजसेवी एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता अनिल गुप्ता ने अपनी दावेदारी पेश कर सभी को अचंभित कर दिया है। उनके मैदान में उतरते ही पंचायत में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। अनिल गुप्ता एक शिक्षित, जागरूक और सक्रिय समाजसेवी के रूप में क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान रखते हैं। वे न सिर्फ एक शिक्षित व्यक्तित्व के धनी हैं, बल्कि अपने सरल स्वभाव और मिलनसार छवि के लिए भी जाने जाते हैं। क्षेत्र में उनका अपना अलग जनाधार है और हर वर्ग के लोग उनसे गहराई से जुड़े हुए हैं।
वर्षों से वे अपने क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयासरत रहे हैं और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं। यही कारण है कि स्थानीय लोगों के बीच उनकी अच्छी-खासी पकड़ बनी हुई है और उन्हें एक मजबूत एवं विश्वसनीय नेता के रूप में देखा जा रहा है।
राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में उनकी सक्रियता ने उन्हें ददलाघाट पंचायत से प्रधान पद के लिए एक सशक्त और दमदार प्रत्याशी के रूप में स्थापित किया है। ग्रामीणों का मानना है कि अनिल गुप्ता का अनुभव और जनसेवा के प्रति उनका समर्पण पंचायत के समग्र विकास में अहम भूमिका निभा सकता है।
अनिल गुप्ता का परिवार भी लंबे समय से क्षेत्र के विकास कार्यों से जुड़ा रहा है। गुप्ता परिवार ने हमेशा क्षेत्र की समस्याओं को उठाने और सरकार के समक्ष विकास संबंधी मांगों को रखने में सक्रिय भूमिका निभाई है। समय-समय पर उन्होंने सड़कों, पेयजल, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर आवाज बुलंद की है। अनिल गुप्ता ने कहा कि यदि जनता उन्हें अवसर देती है तो वे पंचायत में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने और महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में ठोस पहल करेंगे। हालांकि दावेदारी तो अन्य कई लोगों ने पेश की हैं,लेकिन अनिल गुप्ता के ऐलान के बाद राजनीतिक समीकरण तेजी से बदलने शुरू हो गए हैं। आने वाले दिनों में दाडलाघाट पंचायत में कड़ी टक्कर की संभावना जताई जा रही है, जहां जनता का समर्थन ही जीत की दिशा तय करेगा। हालांकि अभी सरकारी स्तर पर चुनाव का ऐलान नहीं किया गया है लेकिन संभावित प्रत्याशियों ने दावेदारी पेश कर वोटरों की नब्ज टटोलनी शुरू कर दी है।
