Spread the love

 

हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता

बद्दी/नालागढ़, 05 जून। नशे के सौदागरों के खिलाफ बद्दी पुलिस की मुहिम लगातार रंग ला रही है। पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आज (05 जून 2026) को एक ही दिन में दो बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम दिया गया। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कुल 14.59 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद कर चार आरोपियों को दबोचने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने नशीले पदार्थों के साथ-साथ तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे वाहनों को भी जब्त कर लिया है।

पहला मामला: पंडियाणा शिव मंदिर के पास बाइक सवार धराया:-

पुलिस थाना नालागढ़ की टीम को गुप्त सूचना के आधार पर पहली बड़ी कामयाबी मिली। टीम ने अल्ट्राटेक कंपनी बघेरी के पीछे, शिव मंदिर पंडियाणा के पास जाल बिछाकर मनिन्दर सिंह (निवासी गांव कुलाड़ी, नालागढ़) को काबू किया।

बरामदगी: तलाशी के दौरान आरोपी की मोटरसाइकिल से 7.62 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई।

कार्रवाई: आरोपी के खिलाफ थाना नालागढ़ में NDPS अधिनियम की धारा 21, 61 और 85 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

दूसरा मामला: नालागढ़ बाईपास पर ऑल्टो कार से चिट्टा बरामद, शिमला के 3 युवक गिरफ्तार:-

दूसरी कार्रवाई बद्दी पुलिस की स्पेशल सेल-एक्स टीम द्वारा की गई। टीम ने नालागढ़ बाईपास रोड पर हनुमान मंदिर के समीप नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान एक ऑल्टो कार को जांच के लिए रोका गया, जिसमें शिमला जिले के तीन युवक सवार थे।

  • बरामदगी: कार की तलाशी लेने पर 6.97 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुआ।

  • आरोपी: मामले में अंकुश, महेन्द्र मैहता और विजय रशिक (सभी निवासी जिला शिमला) को गिरफ्तार किया गया है।

  • कार्रवाई: पुलिस ने कार और चिट्टे को कब्जे में लेकर तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना नालागढ़ में NDPS अधिनियम की धारा 21, 29, 61 और 85 के तहत मामला दर्ज किया है।

3 जून को पकड़ा गया विक्रम सिंह भेजा गया 14 दिन की न्यायिक हिरासत में:-

इससे पहले, बीती 3 जून 2026 को स्पेशल सेल-एक्स बद्दी ने दानोघाट क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए विक्रम सिंह उर्फ रिंकू (निवासी नंदपुर, लोधीमाजरा) को 6.29 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आज आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

बद्दी पुलिस की चेतावनी:-

क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार करने वाले किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की यह सख्त कार्रवाई आगे भी इसी तरह जारी रहेगी ताकि युवाओं को इस दलदल से बचाया जा सके।

Leave a Reply

You missed