Spread the love

हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
नालागढ़, 06 जून। उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ नरेंद्र आहलूवालिया की अध्यक्षता में आज खण्ड विकास नालागढ़ के अंतर्गत नवनिर्वाचित 40 पंचायत समिति सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
समारोह में नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे।
उन्होंने इस अवसर पर सभी नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि पंचायती राज संस्थाएं लोकतंत्र की मज़बूत नींव हैं तथा ग्रामीण विकास में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि पंचायत समिति सदस्य जनता और प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करते हैं तथा क्षेत्र की आवश्यकताओं और विकास संबंधी प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने में उनकी अहम जिम्मेदारी रहती है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से जनहित को सर्वाेपरि रखते हुए पारदर्शिता, समर्पण एवं जनभागीदारी के साथ कार्य करने का आग्रह किया।
नरेंद्र आहलूवालिया ने नवनिर्वाचित सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पंचायत समिति के माध्यम से ग्रामीण विकास एवं जनकल्याण से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण कार्य संचालित किए जाते हैं। उन्होंने सभी सदस्यों से आशा जताई कि वह अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी एवं जनसेवा की भावना के साथ करते हुए क्षेत्र के विकास में सक्रिय योगदान देंगे।
इस अवसर पर नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक के.एल. ठाकुर, खण्ड विकास अधिकारी नालागढ़ अरविंद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

You missed