Spread the love

 

36.14 ग्राम चिट्टा, दो डिजिटल तराजू और ₹49,500 की ड्रग मनी बरामद

  • नालागढ़ के राजपुरा में दुकान और ऑल्टो कार पर बद्दी पुलिस की एक्स-सेल टीम ने मारा छापा

हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता

बद्दी/नालागढ़ (15 जून)। औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में पुलिस ने नशा माफिया और ड्रग्स तस्करों की कमर तोड़ने के लिए अपनी कार्रवाई और तेज कर दी है। इसी कड़ी में बद्दी पुलिस की स्पेशल एक्स-सेल (X-Cell) टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है, जहां गुप्त सूचना के आधार पर जाल बिछाकर एक बड़े अंतरराज्यीय चिट्टा नेटवर्क का पर्दाफाश किया गया है। पुलिस ने पंजाब के मुख्य सप्लायर सहित कुल 3 शातिर तस्करों को दबोचा है।

गुप्त सूचना पर राजपुरा में रेड, कार और दुकान से रिकवरी

जानकारी के अनुसार, बद्दी पुलिस की एक्स-सेल टीम को नालागढ़-दभोटा रोड पर स्थित गांव राजपुरा में नशे के अवैध कारोबार की पुख्ता जानकारी मिली थी। टीम ने बिना वक्त गंवाए योजनाबद्ध तरीके से वहां मौजूद एक मोटरसाइकिल रिपेयर की दुकान और मौके पर खड़ी एक ऑल्टो कार पर अचानक छापेमारी की।

घेराबंदी के दौरान पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को रंगे हाथ काबू किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:

पवननीर सिंह (मुख्य सप्लायर) – निवासी गांव शाहपुर बेला, जिला रोपड़, पंजाब।

सतपाल सिंह – निवासी गांव गागूवाल, नालागढ़।

राजीव कुमार – निवासी गांव ढांग उपरली, नालागढ़।

स्टीयरिंग कवर के नीचे छिपाया था चिट्टा

नियमों के तहत जब पुलिस टीम ने तलाशी ली, तो शातिर तस्करों के होश उड़ गए। पुलिस ने मौके पर खड़ी ऑल्टो कार (HP12D-7078) के स्टीयरिंग कवर के नीचे चालाकी से छिपाकर रखा गया 24.94 ग्राम चिट्टा बरामद किया। इसके अलावा, मोटरसाइकिल रिपेयर की दुकान के अंदर से भी 11.20 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने कुल 36.14 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) जब्त किया है।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से नशीले पदार्थ को नापने के लिए इस्तेमाल होने वाले दो डिजिटल तराजू और ₹49,500 की नगद राशि (ड्रग मनी) भी बरामद की गई है।

ND&PS एक्ट के तहत मामला दर्ज, बैकवर्ड-फॉरवर्ड कड़ियों की जांच शुरू

पुलिस थाना नालागढ़ में तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (ND&PS) अधिनियम की धारा 21, 29-61-85 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।

बद्दी पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज (यानी नशा कहां से लाया जा रहा था और आगे किसे सप्लाई होना था) को पूरी तरह खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस धंधे से जुड़े अन्य आरोपियों को भी जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा और क्षेत्र में नशा माफिया को पनपने नहीं दिया जाएगा। मामले की आगामी तफ्तीश लगातार जारी है।

Leave a Reply

You missed