Spread the love

हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता

अर्की, 19 जून। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धुंदन में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चिट्टा विरोधी जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एनएसएस स्वयंसेवी हर्षिता एवं पूर्णिमा ने चिट्टा जैसे घातक नशीले पदार्थों से होने वाले शारीरिक, मानसिक तथा सामाजिक दुष्प्रभावों पर विस्तारपूर्वक अपने विचार प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम के दौरान नोडल अधिकारी श्री हीरालाल ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या मनोरमा कुमारी चड्ढा ने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लेना चाहिए।

अभियान के अंतर्गत एनएसएस स्वयंसेवी हर्षिता ने सभी विद्यार्थियों एवं उपस्थित सदस्यों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। सभी ने चिट्टा एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए जन-जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नशे के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना तथा “नशा मुक्त हिमाचल – स्वस्थ हिमाचल” के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना था।

Leave a Reply

You missed