- शून्य एनपीए (NPA) के साथ हिमाचल का इकलौता बैंक होने का गौरव; 2022 से अब तक दर्ज की 25% की विकास दर
हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
सोलन, 23 जून। हिमाचल प्रदेश के सोलन का जोगिंद्रा सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। वित्तीय वर्ष 2024-25 के मुकाबले बैंक के मुनाफे और जमा राशि में जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मंगलवार को सोलन स्थित मुख्य कार्यालय के सभागार में आयोजित एक प्रेसवार्ता के दौरान बैंक के चेयरमैन मुकेश शर्मा ने बैंक के ऑडिटेड (Audited) आंकड़े जारी किए।
चेयरमैन ने बताया कि ग्राहकों और कर्मचारियों के सहयोग से बैंक निरंतर बुलंदियों को छू रहा है। वर्ष 2022 से अब तक बैंक की कुल विकास दर 25 फीसदी दर्ज की गई है।
बैंक की वित्तीय स्थिति पर एक नज़र:-
शुद्ध लाभ (Net Profit): वित्त वर्ष 2024-25 में बैंक का शुद्ध लाभ ₹20.02 करोड़ था, जो अब ₹1.56 करोड़ बढ़कर ₹21.58 करोड़ हो गया है।
जमा राशि (Deposits): बैंक पर लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है, जिसके चलते जमा राशि ₹1281 करोड़ से बढ़कर ₹1517 करोड़ के पार पहुंच गई है।
ऋण पोर्टफोलियो (Loan Portfolio): साल 2022 में बैंक का कुल ऋण ₹545 करोड़ था, जो अब बढ़कर ₹745 करोड़ हो गया है।
मजबूत वित्तीय मानक: आरबीआई (RBI) के 9 फीसदी के मानक के मुकाबले जोगिंद्रा बैंक का कैपिटल एडिक्वेसी रेशियो (CRAR) 19.9 फीसदी है, जबकि प्रोविजन कवरेज अनुपात शत-प्रतिशत (100%) है।
“शून्य एनपीए एक रिकॉर्ड”
चेयरमैन मुकेश शर्मा ने गर्व के साथ साझा किया कि संभवतः जोगिंद्रा सेंट्रल बैंक हिमाचल का एकमात्र ऐसा बैंक है जिसका एनपीए (NPA) पिछले तीन-चार सालों से शून्य बना हुआ है, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। बैंक सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर जनता तक लाभ पहुंचा रहा है।
बॉक्स:-
“तथ्यहीन बातें न करें, दम है तो ऑडिटेड आंकड़े देखें” — चेयरमैन की चेतावनी
प्रेसवार्ता के दौरान चेयरमैन मुकेश शर्मा ने सोशल मीडिया पर बैंक के खिलाफ भ्रामक प्रचार करने वाले शरारती तत्वों को कड़े शब्दों में चेतावनी दी। उन्होंने कहा:
बैंक में सारा कामकाज पूरी पारदर्शिता के साथ हो रहा है। कुछ लोग बैंक की छवि को धूमिल करने की साजिश रच रहे हैं, लेकिन उनके मंसूबे कभी पूरे नहीं होंगे।
उन्होंने आरोप लगाने वालों को चुनौती देते हुए कहा, “यदि दम है तो बैंक के मुख्य कार्यालय आएं और तथ्यहीन बातें करने के बजाय ऑडिटेड तथ्यों को सामने रखकर बात करें।”
चेयरमैन ने स्पष्ट किया कि यदि बैंक को बदनाम करने वाले अपनी हरकतों से बाज नहीं आए, तो उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
