हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
अर्की, 10 जुलाई। अर्की उपमंडल के अंतर्गत सामाजिक सरोकारों में अग्रणी रहने वाली संस्था ‘सहयोग इंसानियत संस्था’ ने एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश की है। पिछले दो-तीन वर्षों से लगातार पीड़ित परिवारों की मदद में जुटी इस संस्था ने हाल ही में बद्दी औद्योगिक क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे के पीड़ित परिवार को ₹15,000 की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की है।
इकलौता सहारा था मृतक राजू:-
गौरतलब है कि पिछले महीने औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में एक सड़क हादसे के दौरान राजू नाम के व्यक्ति की असामयिक मृत्यु हो गई थी। मृतक राजू ग्राम पंचायत लग के गांव धलेरी (सीताराम) के निवासी थे। राजू अपने परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे और उनके जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस संकट की घड़ी में परिवार को संबल देने के लिए संस्था आगे आई।
संतराम धीमान के माध्यम से भेजी गई सहायता:-
यह राहत राशि संतराम धीमान के माध्यम से पीड़ित परिवार तक पहुंचाई गई। इस मौके पर सहयोग इंसानियत संस्था के सक्रिय सदस्य नरेश ठाकुर, गुरदेव रघुवंशी, जियालाल उर्फ बुद्धिराम सहित लग पंचायत के वार्ड सदस्य विपतू राम विशेष रूप से उपस्थित रहे।
निस्वार्थ सेवा की मिसाल बनी संस्था:-
बता दें कि इस संस्था की शुरुआत जल शक्ति विभाग के पदाधिकारी हेमंत तनवर के प्रयासों और सहयोग से की गई थी। आज इस संस्था के साथ अर्की क्षेत्र के कई प्रबुद्ध नागरिक जुड़े हुए हैं, जो समाज के जरूरतमंद और पीड़ित लोगों की सहायता के लिए बढ़-चढ़कर अपना योगदान दे रहे हैं। स्थानीय लोगों ने संस्था के इस मानवीय कार्य की जमकर सराहना की है।
