
हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
नालागढ़, 11 जुलाई। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की शैक्षणिक पहल के अंतर्गत दून वैली पब्लिक स्कूल, नालागढ़ में डीएलडी (District Level Deliberation) कार्यशाला का आयोजन “Assessment and Pedagogy in CT & AI” विषय पर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यशाला में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से लगभग 40 शिक्षकों ने सहभागिता करते हुए विषय आधारित प्रस्तुतियाँ एवं शैक्षणिक विचार-विमर्श में सक्रिय योगदान दिया।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों में आकलन एवं शिक्षण पद्धति को अधिक प्रभावी बनाना तथा सीबीएसई द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए निर्धारित थीम “Computational Thinking and Artificial Intelligence” को विभिन्न विषयों के अध्यापन से जोड़ने के नवीन आयामों पर चर्चा करना था।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने अपने-अपने विषयों से संबंधित केस पेपर एवं प्रस्तुतियाँ प्रस्तुत कीं, जिनमें कम्प्यूटेशनल थिंकिंग एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के सिद्धांतों को विषय-विशेष के साथ समन्वित करते हुए नवाचारपूर्ण शिक्षण रणनीतियाँ, दक्षतामूलक अधिगम तथा प्रभावी मूल्यांकन प्रक्रियाओं का प्रदर्शन किया। प्रस्तुतियों का मूल्यांकन विशेषज्ञ समिति द्वारा किया गया तथा प्रतिभागियों को शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाने हेतु रचनात्मक एवं दूरदर्शी सुझाव प्रदान किए गए।
कार्यशाला की प्रशंसा एवं मूल्यांकन समिति में नवज्योति सेंचुरी स्कूल की प्रधानाचार्या सोनाली सतपथी, इंजीनियर परुलप्रीत सिंह तथा महाराजा अग्रसेन विश्वविद्यालय की सहायक प्रोफेसर इंजीनियर सुमन शामिल रहे। समिति के सदस्यों ने प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं कम्प्यूटेशनल थिंकिंग का समावेश विद्यार्थियों में समस्या-समाधान, तार्किक चिंतन तथा नवाचार की क्षमता विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सुनील गांगटा ने सभी समिति सदस्यों, प्रतिभागियों एवं आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की शैक्षणिक कार्यशालाएँ शिक्षकों के व्यावसायिक विकास को नई दिशा प्रदान करती हैं तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 एवं सीबीएसई की दक्षतामूलक शिक्षा की अवधारणा को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने सभी शिक्षकों का आह्वान किया कि कार्यशाला से प्राप्त अनुभवों एवं सुझावों को विद्यालयी शिक्षण में प्रभावी रूप से लागू कर विद्यार्थियों के समग्र विकास में योगदान दें।
कार्यशाला का समापन सकारात्मक संवाद, अनुभवों के आदान-प्रदान तथा गुणवत्तापूर्ण एवं नवाचार आधारित शिक्षा के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता के साथ हुआ।
