Spread the love

हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता

बद्दी 12 जुलाई। बी.आर.डी. पब्लिक विद्यालय (वरिष्ठ माध्यमिक) कालूझंडा में रविवार को स्वर्गीय श्री आर.डी. शर्मा की स्मृति में बिलास फाउंडेशन द्वारा नि:शुल्क लीवर एवं स्त्री रोग स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया।

शिविर का शुभारंभ प्रसिद्ध चिकित्सा एवं एंडोस्कोपी विशेषज्ञ डॉ. टी.पी. सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या सुश्री पूजा ठाकुर ने डॉ. टी.पी. सिंह तथा वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. मनीषा भगत का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया। उन्होंने बिलास फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर ग्रामीण एवं औद्योगिक क्षेत्र के लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

शिविर के दौरान लोगों के लिए फाइब्रोस्कैन के माध्यम से लीवर कठोरता परीक्षण, लीवर कार्य परीक्षण (एलएफटी), अस्थि खनिज घनत्व (बीएमडी) परीक्षण सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच सुविधाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई गईं। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने जांच के उपरांत मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी दिया तथा बेहतर स्वास्थ्य के लिए संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने की सलाह दी।

आयोजकों के अनुसार शिविर में लगभग 300 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई, जिससे क्षेत्रवासियों को काफी लाभ मिला। लोगों ने बिलास फाउंडेशन एवं चिकित्सकों की इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की मांग की।

इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या सुश्री पूजा ठाकुर, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य श्री एस.डी. शर्मा, श्री पुष्पेंद्र दुग्गल, अधिवक्ता श्री डी.डी. शर्मा, अधिवक्ता श्री एंजल शर्मा सहित विद्यालय के सभी शिक्षक एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। फोटो 12 एस एल एन बद्दी 2 बी आर डी पब्लिक स्कूल कालू झिंडा में निःशुल्क शिविर के दौरान उपचार कराती महिलाएं

Leave a Reply

You missed