Spread the love

हत्या मामले में उत्कृष्ट कार्य पर बद्दी पुलिस के जवान सम्मानित

हैप्पी हिमाचल न्यूज बीबीएन ब्यूरो

सलीम कुरैशी

बीबीएन, 16 अप्रैल। बद्दी थाना के तहत बिलांवाली लबाणा में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी अनुसार बद्दी क्षेत्र के बिलांवाली लबाणा में युवक की हत्या के मामले में बद्दी पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में पुलिस थाना बद्दी में 14 अप्रैल को मामला दर्ज किया गया था, जिसमें एक युवक का शव खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया था। मृतक की पहचान ओमकार चौधरी निवासी उप्र के रूप में हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान द्वारा स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे तथा एफएसएल टीम द्वारा मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किए गए। अभियोग दर्ज होने के पश्चात बद्दी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर ही दोनों आरोपियों का पता लगा लिया था। दोनों चिन्हित आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु बद्दी पुलिस द्वारा तीन अलग-अलग विशेष टीमें गठित की गईं, जिन्होंने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी व साइबर विश्लेषण की सहायता से विभिन्न संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी और दोनों आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है तथा मामले में आगामी अन्वेषण कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

बॉक्स:-

हत्या मामले में उत्कृष्ट कार्य पर बद्दी पुलिस के जवान सम्मानित

बद्दी क्षेत्र के बिलांवाली लबाणा में हुए युवक की हत्या के मामले में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी करने पर बद्दी पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया है। इस संबंध में पुलिस थाना बद्दी में दर्ज अभियोग में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने कम समय में आरोपियों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार किया।पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान द्वारा इस मामले में सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों के कार्य की प्रशंसा करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, ताकि अन्य पुलिस कर्मियों का मनोबल भी बढ़ाया जा सके। सम्मानित किए गए पुलिस कर्मियों में थाना प्रभारी निरीक्षक शिव राम कृष्ण, उप निरीक्षक विपन कुमार, एएसआई मनोज कुमार, मुख्य आरक्षी दीपक कुमार, मुख्य आरक्षी साइबर सेल गौतम सैनी, मुख्य आरक्षी सीसीटीवी सेल प्रवीण, आरक्षी बिट्टू राम, आरक्षी प्रकाश चंद, आरक्षी मनप्रीत सिंह तथा आरक्षी रॉकी शामिल हैं।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिला पुलिस द्वारा भविष्य में भी इसी प्रकार पेशेवर ढंग से कार्य करते हुए कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखा जाएगा तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों/कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया जाता रहेगा।

Leave a Reply

You missed