हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
सोलन, 23 जुलाई। केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश के संस्कृत-पाली एवं प्राकृत विभाग के एम.ए. (संस्कृत) के छात्र नानक सिंह ने “सामाजिकसञ्चारमाध्यमेषु संस्कृतेऽनूदितगीतानामध्ययनम्” विषय पर सफलतापूर्वक लघु शोधकार्य पूर्ण किया है। यह शोधकार्य प्रो. बृहस्पति मिश्र के निर्देशन में संपन्न हुआ।
इस शोध में सोशल मीडिया पर उपलब्ध संस्कृतानूदित गीतों का विस्तृत अध्ययन किया गया है। शोध में भक्ति, राष्ट्रभक्ति, श्रृंगार तथा बालगीतों सहित कुल 44 संस्कृतानूदित गीतों का विश्लेषण किया गया है। इनमें देशभर के अनेक संस्कृत कवियों एवं अनुवादकों की रचनाओं को स्थान दिया गया है।
विशेष उल्लेखनीय तथ्य यह है कि इस शोधकार्य में हिमाचल प्रदेश के संस्कृत शिक्षक एवं संस्कृत गीतकार शिव शर्मा के संस्कृतानूदित गीत “समलं वस्त्रं धृत्वा कथमहं…” (हिंदी गीत मैली चादर ओढ़ के कैसे…) तथा देशभक्ति गीत “तव भूमौ स्याद् बलिदानम्…” (हिंदी गीत तेरी मिट्टी में मिल जावां…) को भी अध्ययन के लिए सम्मिलित किया गया है।
शोध में जिन प्रमुख संस्कृत कवियों एवं अनुवादकों के गीतों का अध्ययन किया गया है, उनमें डॉ. हरेकृष्ण मेहेर (ओडिशा), शिव शर्मा (हिमाचल प्रदेश), रंजन बेजबरुआ, डॉ. रजनी जयराम, बिध्याचल पाण्डेय, किशोर शेवडे, डॉ. गुरुकुमार महापात्र, डॉ. सी. आर. नागपाल, डॉ. नारायणदत्त मिश्र, आलोक कुमार, श्रीहरि गोकर्णकर, डॉ. सतीश कुमार कटरू, राजेन्द्र भावे, डॉ. मनोज कुमार, पं. दिगम्बर अनन्त भण्डारे तथा शिबू कुमार के सहित अनेक संस्कृत रचनाकार सम्मिलित हैं।
यह शोधकार्य इस बात का प्रमाण है कि आधुनिक सोशल मीडिया के माध्यम से संस्कृत भाषा में अनूदित गीतों का सृजन एवं प्रसार निरंतर बढ़ रहा है तथा संस्कृत को जनसामान्य तक पहुँचाने में ऐसे प्रयास अत्यंत महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
