Spread the love

हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता

सोलन, 01 अगस्त। जिला बैडमिंटन संघ सोलन के तत्वावधान में आयोजित सोलन जिला जूनियर एवं सीनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 का सफलतापूर्वक समापन हो गया। प्रतियोगिता में जूनियर और सीनियर वर्गों के करीब 100 खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता की सबसे बड़ी स्टार ताश्वी गुप्ता रहीं, जिन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच खिताब अपने नाम किए। ताश्वी ने अंडर-19 गर्ल्स सिंगल्स, अंडर-19 गर्ल्स डबल्स, अंडर-19 मिक्स्ड डबल्स, महिला एकल और सीनियर मिश्रित युगल में जीत दर्ज कर प्रतियोगिता की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया।
वहीं अक्षिव दत्ता ने भी दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए तीन खिताब जीते। उन्होंने पुरुष एकल, पुरुष युगल और सीनियर मिश्रित युगल वर्ग में जीत दर्ज कर अपनी श्रेष्ठता साबित की। जिला बैडमिंटन संघ के सचिव योगेश चौहान ने बताया कि प्रतियोगिता के विजेता और उपविजेता खिलाड़ी अब आगामी हिमाचल प्रदेश राज्य बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 में सोलन जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि खिलाड़ी राज्य स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगे।
इस अवसर पर जिला बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष डॉ. राजेश कश्यप ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि सोलन में बैडमिंटन प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। उन्होंने घोषणा की कि सोलन बैडमिंटन हॉल का विस्तार किया जाएगा और वहां दो आधुनिक बैडमिंटन कोर्ट विकसित करने के प्रयास जाएंगे, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास और प्रतियोगिता सुविधाएं मिल सकें। साथ ही उन्होंने सभी खिलाड़ियों को राज्य चैंपियनशिप के लिए शुभकामनाएं दीं।

प्रमुख फाइनल परिणाम:-
पुरुष एकल: अक्षिव दत्ता ने मृणांक शर्मा को 15-8, 15-7 से हराया। पुरुष युगल: अक्षिव दत्ता एवं तनवीर ने प्रवेश भारद्वाज एवं तुषार पुरी को 15-11, 15-8 से पराजित किया। महिला एकल: ताश्वी गुप्ता ने संगीता को 15-11, 15-13 से हराया।
महिला युगल: संगीता एवं शांति ने आलाइका एवं ताश्वी गुप्ता को 15-10, 15-13 से मात दी।
सीनियर मिश्रित युगल: अक्षिव दत्ता एवं ताश्वी गुप्ता ने तनवीर एवं संगीता को 15-13, 16-18, 15-11 से हराया। अंडर-19 बालक एकल: वरुण राघुवंशी ने जतिन को 15-12, 15-8 से हराया।
अंडर-19 बालक युगल: वरुण राघुवंशी एवं प्रणव शर्मा ने सात्विक एवं वारिस को 9-15, 15-11, 15-4 से पराजित किया। अंडर-19 बालिका एकल: ताश्वी गुप्ता ने आलाइका को 15-8, 15-5 से हराया। अंडर-19 बालिका युगल: ताश्वी गुप्ता एवं जिग्यासा ने मानसी एवं यशमिना को 15-8, 15-7 से शिकस्त दी।
अंडर-19 मिश्रित युगल: ताश्वी गुप्ता एवं तेजस सिंह ने वरुण राघुवंशी एवं नव्या शर्मा को 18-20, 15-9, 15-9 से हराकर खिताब जीता।

Leave a Reply

You missed