
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान से जुड़ी नर्सिंग इंस्टीट्यूट की 100 छात्राएं
हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
सोलन, 02 अगस्त। सोलन के साई संजीवनी इंस्टीट्यूट ऑफ मेजिकल सांइसेज सोलन की 100 छात्राओं ने नशामुक्त युवा,विकसित भारत का संकल्प लिया। आज भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत (माई भारत), प्रोजेक्ट प्वाइंट के संयुक्त तत्वावधान में नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान के शुभारंभ के अवसर पर सोलन के साई संजीवनी इंस्टीट्यूट सोलन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के युवा संवाद से सीधे जुड़ी?
कार्यक्रम में 100 से अधिक युवाओं ने भाग लिया। इस मौके पर सोलन के साई संजीवनी इंस्टीट्यूट के एमडी डॉ संजय अग्रवाल, डॉ. सविता अग्रवाल, भारत विकास परिषद के प्रांतीय संगठन सचिव डॉ. रामगोपाल शर्मा समेत अन्य मौजूद रहे। इस मौके पर सभी प्रतिभागियों ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना, जिसमें उन्होंने युवाओं से नशामुक्त जीवनशैली अपनाने, समाज को नशे के दुष्प्रभावों से मुक्त बनाने तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री के संबोधन से पहले उपस्थित सभी युवाओं ने “नशा मुक्त भारत” की शपथ ग्रहण कर स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशा मुक्त बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय युवा योजना के प्रदेश समन्वयक व प्रोजेक्ट प्वाइंट के सदस्य यशपाल सिंह कपूर ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि युवाओं की ऊर्जा और सकारात्मक सोच ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशा मुक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाकर इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान करें।
