Spread the love

हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता

सोलन, 17 अगस्त। गौड़ा मेले के सांस्कृतिक एवं खेल आयोजनों के बीच ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान ने जन-जागरूकता का प्रभावशाली संदेश दिया। यह कार्यक्रम राजयोगिनी बीके सुषमा दीदी के आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। ब्रह्माकुमारी बहनों एवं भाइयों ने बीके कल्पना बहन के नेतृत्व में मेले में भाग लेकर नशे के विरुद्ध व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान लगभग 5,000 लोगों ने नशे से दूर रहने तथा अपने क्षेत्र को नशामुक्त बनाने की शपथ ली।

कार्यक्रम के दौरान नशे के दुष्परिणामों को दर्शाने वाली एक प्रेरक लघु नाटिका (स्किट) प्रस्तुत की गई, जिसे उपस्थित जनसमूह ने विशेष रुचि के साथ देखा। इसके पश्चात बीके कल्पना बहन ने सांस्कृतिक कार्यक्रम देख रहे विशाल जनसमूह को सामूहिक रूप से नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। लोगों ने स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने परिवार, समाज और विशेषकर युवा पीढ़ी को नशे से बचाने में सहयोग देने का संकल्प लिया।

अभियान की विशेष बात यह रही कि नशा मुक्ति का संदेश सांस्कृतिक मंच से आगे बढ़कर खेल मैदान तक भी पहुंचा। कबड्डी प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों एवं विभिन्न टीमों ने दर्शकों की उपस्थिति में सामूहिक रूप से नशा मुक्ति की शपथ ली। इसके बाद कुश्ती प्रतियोगिता के पहलवानों ने भी स्वयं आगे आकर शपथ लेने की इच्छा व्यक्त की और बड़ी संख्या में उपस्थित दर्शकों के समक्ष नशामुक्त जीवन का संकल्प लिया। खिलाड़ियों और पहलवानों की इस उत्साहपूर्ण भागीदारी ने विशेष रूप से युवाओं के बीच अभियान के संदेश को और प्रभावी बनाया।

स्थानीय लोगों ने ब्रह्माकुमारीज़ की इस पहल की सराहना करते हुए अपने क्षेत्र को नशामुक्त बनाने में सक्रिय सहयोग देने की इच्छा व्यक्त की। मेले जैसे विशाल सामाजिक एवं सांस्कृतिक मंच पर हजारों लोगों द्वारा एक साथ ली गई शपथ ने नशे के विरुद्ध सामूहिक जनभागीदारी का मजबूत संदेश दिया।

अभियान में बीके प्रीतिका बहन, बीके आरती बहन, बीके अंबिका बहन, बीके रितिका बहन तथा आशा माता सहित अन्य बहनों ने सक्रिय सहयोग दिया। भाइयों में अश्वनी भाई, श्याम भाई, जय किशन भाई तथा जय पाल भाई सहित अन्य सेवाधारी उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

बीके कल्पना बहन ने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल व्यक्तिगत संकल्प से नहीं, बल्कि परिवार, युवाओं, खिलाड़ियों और पूरे समुदाय की सामूहिक भागीदारी से संभव है। उन्होंने इस अभियान के लिए राजयोगिनी बीके सुषमा दीदी से प्राप्त आशीर्वाद, प्रेरणा एवं निरंतर मार्गदर्शन के प्रति आभार व्यक्त किया। गौड़ा मेले में हजारों लोगों द्वारा उत्साहपूर्वक ली गई शपथ नशामुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में सामूहिक चेतना और सकारात्मक बदलाव का परिचायक बनी।

Leave a Reply

You missed