
हैप्पी हिमाचल न्यूज संवाददाता
सोलन, 23 अगस्त। शनिवार को आंगनवाड़ी सह-प्री-स्कूल निचला सुल्तानपुर, वृत्त कुमारहट्टी में समर कैंप–2026 “कमाल की तैयारी” के अंतर्गत समर मेला–2 का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। यह पहल महिला एवं बाल विकास विभाग एवं प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के संयुक्त प्रयासों से संचालित की जा रही है।
समर मेला–2 के दौरान 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के 17 बच्चों ने विभिन्न खेल एवं गतिविधि आधारित आकलन में भाग लिया। बच्चों की विद्यालय-पूर्व तैयारी को समझने के लिए उनकी भाषा, प्रारंभिक गणितीय समझ, सामाजिक-भावनात्मक विकास एवं शारीरिक विकास से संबंधित गतिविधियां करवाई गईं। बच्चों के प्रदर्शन के आधार पर अभिभावकों को रिपोर्ट कार्ड भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य अभिभावकों, विशेषकर माताओं की बच्चों के सीखने में भागीदारी को बढ़ावा देना रहा। माताओं को बताया गया कि घर पर रोजमर्रा की गतिविधियों और खेलों के माध्यम से बच्चों के सीखने को सहज एवं आनंददायक बनाया जा सकता है।
मेले में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा तैयार किए गए विभिन्न गतिविधि स्टॉल बच्चों और अभिभावकों के लिए विशेष आकर्षण रहे। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को बिना किसी दबाव के खेलते हुए सीखने का अवसर मिला।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में कुमारहट्टी वृत्त की सुपरवाइजर लज्या बिंद्रा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता शर्मिला ठाकुर, अनुराधा ठाकुर, नीलम शर्मा, बीना देवी एवं रीना तथा प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन से विनोद कुमार एवं आयुषी वर्मा का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम के समापन पर अभिभावकों एवं सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए बच्चों के निरंतर सीखने और विकास के लिए घर एवं आंगनवाड़ी के बीच मजबूत सहभागिता बनाए रखने का संदेश दिया गया।
